Noida News: नोएडा में बनेगा वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन, मिलेगी सारी सुविधा
Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आपको बता दें कि नोएडा के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली-गाजियाबाद (Delhi-Ghaziabad) जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूपी के सबसे बड़े औद्योगिक शहर नोएडा में अब वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन (World Class Railway Station) तैयार हो रहा है। इस स्टेशन के बन जाने के बाद नोएडा (Noida) में रहने वाले लोगों को लंबी दूरी की ट्रेनों को पकड़ने के लिए गाजियाबाद (Ghaziabad) या नई दिल्ली नहीं भागना पड़ेगा। नोएडा के बोड़ाकी में विकसित हो रहे मल्टी ट्रांसपोर्ट हब (Multi Transport Hub) में पूर्व की ओर जाने वाली ट्रेनों का ठहराव मिलेगा।
ये भी पढ़ेंः Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों के लिए खुशखबरी..यहां बनने जा रहा तीसरा एलिवेटेड रोड

रेलवे ने इस योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है और यहां से पूरब की तरफ जाने वाली ज्यादातर ट्रेनें संचालित होंगी। पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली और आनंद विहार (Anand Vihar) और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर भीड़ कम होगी। गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, गाजियाबाद (Ghaziabad) के यात्रियों को आसानी होगी। यहां बस अड्डा, मेट्रो और जेवर एयरपोर्ट की भी कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो रूट का विस्तार भी होगा। इसके साथ ही लोकल बस सेवाएं भी यहां से शुरू की जाएंगी।
जानिए क्या है मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब
यह हब बोड़ाकी के पास तैयार किया जा रहा है, जिसके लिए आठ गांवों की जमीन अधिग्रहित कर ली गई है। 8 गांवों की 478 हेक्टेयर जमीन पर इस परियोजना को तैयार किया जाएगा। इसमें रेलवे टर्मिनल, अंतरराज्यीय बस अड्डा और मेट्रो कनेक्टिविटी होगी।
ये भी पढे़ंः Nakli Ghee: होली से पहले ओरिजिनल ब्रांड में नकली घी पैक..पढ़िए डिटेल
कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 2 मार्गों पर हो रहा है काम
पहला मार्ग
लॉजिस्टिक हब से जीटी रोड को कनेक्ट किया जाएगा।
जीटी रोड पर 2.5 किलोमीटर के रास्ते को चौड़ा कर दो लेन की सड़क को सिक्स लेन किया जाएगा।
शिव नाडर यूनिवर्सिटी के पास एक अंडरपास बनाया जाएगा, जिससे लॉजिस्टिक हब के वाहन बील अकबरपुर इंटरचेंज से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे।
दनकौर के पास एक इंटरचेंज भी बनेगा, जहां से नोएडा एयरपोर्ट तक सीधी पहुंच होगी।
दूसरा मार्ग
ट्रांसपोर्ट हब को 130 मीटर चौड़ी सड़क के माध्यम से सिरसा इंटरचेंज से कनेक्ट किया जाएगा।
यहां से वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल और यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
2 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
इन तीनों परियोजनाओं को दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर से भी कनेक्ट किया जाएगा, जिससे सड़क मार्ग के साथ ही रेल और हवाई मार्ग की कनेक्टिविटी भी सही होगी। इससे लगभग 2 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मुंबई, कोलकाता, गुजरात एक ही दिन में पहुंचेगा माल
यह हब नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के उद्योगों की जरूरतों को पूरा करेगा। मुंबई, कोलकाता, गुजरात जैसे शहरों में माल भेजने में अभी 4-5 दिन का समय लग जाता है, लेकिन इस परियोजना के बाद माल एक दिन के ही अंदर पहुंच सकेगा। लॉजिस्टिक हब में वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज की सुविधा भी होगी।
3 साल में पूरा हो जाएगा ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक हब
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण आने वाले 3 सालों में ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक हब विकसित करने की योजना बनाकर चल रहा है। पहले चरण में सड़कों की कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के अनुसार परियोजनाओं की निविदा जल्द जारी की जाएगी।
एयरपोर्ट बना लोगों की पसंद
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा में निवेश बढ़ने की उम्मीद है। प्राधिकरण ने ग्रेनो को एयरपोर्ट का पहला पड़ाव घोषित किया है। ऐसे में यहां विकसित हो रही इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इन तीनों परियोजनाओं के लिए MIC-IITGNL ने योजना तैयार कर ली है।
