Noida: नोएडा से बड़ी ख़बर सामने आ रही है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के कार्यकारी निदेशक अजय गर्ग की सोसाइटी की 17वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वह मूलरूप से कानपुर के इंदिरानगर, मुखर्जी विहार के रहने वाले थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार,अजय गर्ग (55) दिल्ली में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत थे। वह सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसाइटी के अपने फ्लैट में पत्नी मयूरी गर्ग के साथ रहते थे। शनिवार सुबह करीब सवा दस बजे वह बालकनी की ओर गए और पांच मिनट बाद संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए।
गिरने की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां अजय गर्ग लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े मिले। सोसाइटी के लोगों ने तुरंत उनकी पत्नी और डायल-112 पर सूचना दी। उन्हें तत्काल नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की सूचना मिलने पर पत्नी बदहवास हो गईं। घटना की जानकारी मुंबई में नौकरी कर रहे अजय गर्ग के बेटे को दी गई, जो शनिवार शाम को नोएडा पहुंच गया। परिजनों ने रविवार को मृतक का अंतिम संस्कार करने की बात कही है।
अजय गर्ग की मौत की खबर मिलते ही उनके दफ्तर के लोग भी सोसाइटी पहुंच गए। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।
