Jharkhand News: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में महागठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करना और सभी सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।
हेमंत सोरेन ने एकजुटता का दिया संदेश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी जनप्रतिनिधियों से एकजुट होकर चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने और गठबंधन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा
बैठक के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता सरफराज अहमद ने कहा कि गठबंधन में पूरी सहमति है और दोनों उम्मीदवारों की जीत को लेकर कोई संशय नहीं है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रहा है।
नामांकन के लिए एक साथ पहुंचेंगे नेता
महागठबंधन नेताओं ने संकेत दिए हैं कि गठबंधन के दोनों उम्मीदवार नामांकन प्रक्रिया में भी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे। सभी विधायक और मंत्री एक साथ नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राज्यसभा सीटों को लेकर पहले दिखे थे मतभेद
राज्यसभा की दो सीटों को लेकर हाल के दिनों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आए थे। JMM ने दोनों सीटों पर दावा जताया था, जबकि कांग्रेस भी एक सीट की मांग कर रही थी। हालांकि अब गठबंधन के नेताओं का कहना है कि सभी मुद्दों पर सहमति बन गई है।
18 जून को होगा मतदान
झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। नामांकन प्रक्रिया जारी है और सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरण मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
महागठबंधन ने दिखाया शक्ति प्रदर्शन
बैठक को राजनीतिक जानकार महागठबंधन की एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में देख रहे हैं। गठबंधन नेतृत्व का मानना है कि एकजुटता के साथ चुनाव लड़कर दोनों सीटों पर जीत हासिल की जा सकती है।
