स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, रिम्स-2 बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल
Jharkhand News: झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं (Health Services) को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आज 160 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र (Appointment letter) प्रदान किए। सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रोजेक्ट भवन में आयोजित समारोह में चयनित चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें जेपीएससी द्वारा चयनित सहायक प्राध्यापक, दंत चिकित्सक, एनएचएम के तहत संविदा आधारित चिकित्सा पदाधिकारी और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं।

ये भी पढ़ेंः क्या ज्योतिष आपका भाग्य बदल सकता है?
विभिन्न पदों पर हुई नियुक्तियां
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जेपीएससी के तहत 54 सहायक प्राध्यापक, 14 दंत चिकित्सक, एनएचएम के तहत 41 विशेषज्ञ चिकित्सक और 59 चिकित्सा पदाधिकारी को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। इनकी नियुक्ति राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ जिला और सामुदायिक अस्पतालों में की जाएगी, जिससे पूर्ण स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों का होगा विस्तार
अजय कुमार सिंह ने कहा कि विभाग में एमबीबीएस सीटें 100 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। दुमका और पलामू में चल रहे 500 बेड के अस्पताल को 2000 बेड का बनाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही पीजी सीटें बढ़ाने और सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।

‘आज राज्य में भगवानों की नियुक्ति हो रही है’: सीएम हेमंत
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को मजबूत बनाने में यह नियुक्ति वितरण एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, ‘चिकित्सकों का समाज में भगवान का स्थान होता है और आज राज्य में भगवानों की नियुक्ति हो रही है।’ सीएम ने कहा कि नए चिकित्सकों को राज्य के गरीब और असहाय लोगों की सेवा का अवसर मिलेगा।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
उन्होंने कोविड महामारी जैसी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने बेहतर प्रबंधन से मुश्किलों को पार किया और आगे भी नई चुनौतियों का समाधान किया जाएगा। सीएम ने विशेष रूप से महिला चिकित्सकों और स्त्री रोग विशेषज्ञों की बड़ी संख्या में हुई नियुक्ति पर खुशी जताई।

स्वास्थ्य मंत्री बोले, 20 वर्षों में सबसे बड़ी बहाली
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नियुक्त चिकित्सकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पिछले 20 वर्षों की सबसे बड़ी बहाली है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी चिकित्सकों की नियुक्ति होगी। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘विपक्ष को सरकार की उपलब्धियों से जलन होती है, लेकिन हकीकत यह है कि झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।’
रिम्स-2 बनेगा एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल
डॉ. अंसारी ने कहा कि रिम्स-2 मुख्यमंत्री का विजन है और इसे एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने की दिशा में काम हो रहा है। राज्य में छह नए मेडिकल कॉलेज और 10,500 नियुक्तियां भी होने जा रही हैं।

ये भी पढ़ेंः Jharkhand: CM हेमंत सोरेन से मिलीं नेशनल अवॉर्ड विजेता शिल्पा राव, बोले- ‘आपने झारखंड का नाम रोशन किया’
प्रतीकात्मक रूप से सौंपे गए नियुक्ति पत्र
समारोह में प्रतीकात्मक रूप से डॉ. आशा एक्का, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. हीना, डॉ. अशुतोष और डॉ. राजीव (एनएचएम से चयनित) तथा जेपीएससी के तहत डॉ. एंजेल टेटे, डॉ. संतोष कुमार सोरेन, डॉ. कुमार सत्याम, डॉ. वीर महालक्ष्मी, डॉ. साजिया खातून और डॉ. रवि राज को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, अबू इमरान, डॉ. नेहा अरोड़ा और शशि प्रकाश झा भी मौजूद रहे।
