Itv Network: इंडिया न्यूज में दो बड़े पत्रकारों की एंट्री..चैनल को ले जाएंगे आगेदेश के प्रमुख मीडिया नेटवर्क्स में शामिल ‘आईटीवी नेटवर्क’ (Itv Network) में दो बड़े पत्रकारों की एंट्री हुई है। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी को नेटवर्क ने इंडिया न्यूज (नेशनल) में आउटपुट हेड की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं इनपुट के मास्टर माने जाने वाले विवेक प्रकाश अब इंडिया न्यूज में बतौर इनपुट एडिटर चैनल का कामकाज देखेंगे। इसके पहले हिमांशु करीब एक साल से ‘न्यूज नेशन’ से जुड़े हुए थे और वहां स्पेशल प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
ये भी पढ़ें: News Anchor: आपकी फेवरेट एंकर रश्क गौरी की नई शुरुआत

बता दें कि हिमांशु द्विवेदी करीब 18 साल से मेनस्ट्रीम मीडिया में सक्रिय हैं। आगरा से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने वर्ष 2007 में ‘इंडिया टीवी’ से मीडिया में अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद करीब सात साल उन्होंने ‘आजतक’ में अपनी जिम्मेदारी निभाई और फिर ‘एबीपी न्यूज’ जॉइन कर लिया। वर्ष 2016 से 2019 की शुरुआत तक एबीपी न्यूज में रहने के दौरान हिमांशु ने प्राइम टाइम के कई बड़े शो की जिम्मेदारी संभाली और चैनल की पॉलिटिकल टीम का हिस्सा बने।
वर्ष 2017 के यूपी चुनाव के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने पर चैनल के उन्हें सम्मानित भी किया। वर्ष 2019 में हिमांशु ने ‘एबीपी’ छोड़ दिया और बतौर सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर ‘जी न्यूज’ से जुड़ गए। ‘जी मीडिया’ में अपनी करीब पांच साल की पारी के दौरान वह ‘जी’ (नेशनल) में मॉर्निंग बैंड के इंचार्ज रहे और उन्होंने कई शो लॉन्च कराए। टीम को साथ लेकर चलने की कला में माहिर माने जाने वाले हिमांशु को कम समय में ‘जी’ (यूपी-यूके) की री-लॉन्चिंग की जिम्मेदारी मिली। वहां आउटपुट हेड बनकर महज एक ही हफ्ते में री-लॉन्चिंग की, इसके बाद उन्हें ‘जी’ ग्रुप में नेशनल न्यूज चैनल ‘जी भारत’ की री-लॉन्चिंग की बतौर एडिटर जिम्मेदारी दी गई। हिमांशु ने पिछले साल ‘जी मीडिया’ में अपनी जिम्मेदारियों को विराम देते हुए ‘न्यूज नेशन’ से नाता जोड़ लिया था और अब वहां से अलविदा बोलकर ‘आईटीवी नेटवर्क’ में बड़ी जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं।

वहीं वरिष्ठ पत्रकार विवेक प्रकाश इससे पहले हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया डेली लाइव’ में इनपुट एडिटर (असाइनमेंट) के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। यहां वह इस चैनल की लॉन्चिंग के समय से ही जुड़े हुए थे। इससे पहले विवेक प्रकाश देश की प्रमुख न्यूज एजेंसियों में शुमार ‘एएनआई’ (ANI) में इनपुट डेस्क पर बड़ी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
विवेक प्रकाश को मीडिया में काम करने का करीब दो दशक का अनुभव है। उन्होंने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत ‘बीएजी फिल्म्स’ (BAG Films) से की थी। यहां रहते हुए उन्होंने तमाम स्टिंग ऑपरेशन भी किए। इसके अलावा विवेक प्रकाश ने वर्ष 2007 में काबुल (अफगानिस्तान) में AINA world के लिए भी काम किया। एक टीवी सीरियल में क्रिएटिव डायरेक्टर के तौर पर काम करने के अलावा उन्होंने काबुल में ऐड फ़िल्म और डॉक्यूमेंट्री भी बनाई। वर्ष 2007 में विवेक ‘न्यूज24’ की लॉन्चिंग का हिस्सा बने और असाइनमेंट डेस्क पर अहम जिम्मेदारी निभाई। यहां से वर्ष 2011 में विवेक ने ‘महुआ न्यूज’ के साथ बतौर असाइनमेंट हेड अपना नया सफर शुरू किया।
इसके बाद विवेक ‘न्यूज नेशन’ (News Nation) की लॉन्चिंग टीम का भी हिस्सा रहे। इसके बाद वह ‘इंडिया न्यूज’ की री-लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने और करीब सात साल तक अपनी जिम्मेदारी निभाई। फिर यहां से अपनी पारी को विराम देकर वह ‘जी हिंदुस्तान’ से जुड़ गए और इनपुट टीम के लीडर की रूप में अपनी भूमिका निभाई।
ख़बरी मीडिया की तरफ से हिमांशु द्विवेदी और विवेक प्रकाश को नई पारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।
