IND24 state head Nisha Nath Pandey resigns, accuses Naveen Purohit of extortion

IND24 के स्टेट हेड निशा नाथ पांडेय का इस्तीफा, नवीन पुरोहित पर लगाए वसूली के आरोप

TV
Spread the love

IND24 न्यूज चैनल को उत्तर प्रदेश में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाने वाली यूपी स्टेट हेड निशा नाथ पांडेय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के साथ ही उन्होंने चैनल के चेयरमैन नवीन पुरोहित पर गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।

निशा नाथ पांडेय का आरोप है कि पिछले कुछ समय से उन पर अधिक से अधिक विज्ञापन लाने का अनुचित दबाव बनाया जा रहा था। इतना ही नहीं, यूपी में कार्यरत रिपोर्टरों से हर महीने ‘लंबा पेमेंट’ वसूलने और इसी शर्त पर उनकी नियुक्ति कराने का दबाव भी डाला जा रहा था, जिसे उन्होंने साफ तौर पर अस्वीकार कर दिया।

ये भी पढ़ें: IND 24 न्यूज चैनल की अवैध उगाही का सबसे बड़ा सबूत देखें!

उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से अब तक उन्होंने IND24 को यूपी में खड़ा करने के लिए कड़ी मेहनत की। दो साल की लगातार कोशिशों के बाद चैनल का डीपीआर (DPR) भी कराया गया, लेकिन संस्थान की ओर से सहयोग की बजाय केवल आर्थिक लाभ पर ही फोकस रखा गया।

निशा नाथ के मुताबिक, यूपी से राजस्व लेने के बावजूद चैनल में यूपी के समाचार बुलेटिनों को न तो उचित समय दिया जाता था और न ही रिपोर्टरों को लाइव या फोनो के जरिए पर्याप्त कवरेज का मौका मिलता था। इससे प्रदेश की खबरें लगातार हाशिए पर चली जाती थीं।

करीब तीन वर्षों तक चैनल के विस्तार में जुटी रहीं निशा नाथ पांडेय ने यह भी आरोप लगाया कि चेयरमैन नवीन पुरोहित, जो पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं, लगातार उनके कामकाज में दखल दे रहे थे। विज्ञापन को लेकर व्हाट्सएप कॉल्स के जरिए दबाव बनाया जाता था। यहां तक कि रिपोर्टरों की जॉइनिंग के लिए उनसे 12-15 हजार रुपये वसूलने की बात भी कही गई।