IIM: नई दिल्ली। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) अब केवल MBA तक सीमित नहीं हैं। पिछले कुछ वर्षों में कई IIM ने 12वीं के बाद प्रवेश वाले स्नातक और इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट प्रोग्राम (IPM) शुरू किए हैं। इनमें कुछ संस्थान JEE Main, कुछ JIPMAT और कुछ IPMAT के माध्यम से प्रवेश देते हैं, जबकि कुछ नए कार्यक्रमों में अन्य प्रवेश मार्ग भी उपलब्ध हैं।
JEE Main स्कोर से भी मिल रहा है प्रवेश
IIM जम्मू के eBBA (Executive BBA) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए JEE Main, CUET, JIPMAT, SAT या संस्थान की अपनी प्रवेश परीक्षा के स्कोर स्वीकार किए जाते हैं। इसके साथ 10वीं और 12वीं के अंकों को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाता है।
JEE Advanced से जुड़े नए अवसर
हाल के वर्षों में तकनीकी और प्रबंधन शिक्षा को जोड़ने वाले संयुक्त कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। उदाहरण के तौर पर:
- IIT जम्मू के कुछ B.Tech विद्यार्थियों को निर्धारित शैक्षणिक मानदंड पूरा करने पर IIM जम्मू के MBA कार्यक्रम में बिना CAT सीधे प्रवेश का विकल्प मिलता है।
- IIT पटना और IIM बोधगया ने 5 वर्षीय B.Tech + MBA ड्यूल डिग्री कार्यक्रम का संचालन ढांचा भी अंतिम रूप दिया है। इस कार्यक्रम में छात्र IIT पटना में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद IIM बोधगया में MBA करेंगे।
IPM के लिए JIPMAT और IPMAT प्रमुख प्रवेश परीक्षाएं
यदि छात्र सीधे 12वीं के बाद IIM से मैनेजमेंट की पढ़ाई करना चाहते हैं, तो विभिन्न IIM अलग-अलग प्रवेश परीक्षाओं के आधार पर चयन करते हैं।
- IIM जम्मू और IIM बोधगया का 5 वर्षीय IPM मुख्य रूप से JIPMAT के माध्यम से प्रवेश देता है।
- अन्य IIM, जैसे IIM इंदौर और IIM रोहतक, अपने-अपने IPMAT या अलग प्रवेश प्रक्रिया अपनाते हैं।
किस छात्रों के लिए है यह अवसर?
ये कार्यक्रम उन छात्रों के लिए उपयुक्त माने जाते हैं जो 12वीं के बाद ही प्रबंधन, उद्यमिता, डेटा एनालिटिक्स या बिजनेस शिक्षा में करियर बनाना चाहते हैं। संस्थान के अनुसार, अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए पात्रता, प्रवेश परीक्षा और चयन प्रक्रिया अलग हो सकती है, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित IIM की आधिकारिक प्रवेश नीति देखना आवश्यक है।
