Greater Noida: बड़ी और बुरी खबर ग्रेटर नोएडा वेस्ट से आ रही है जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने 16वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। सॉफ्टवेयर इंजीनियर शराब के नशे में था। पहले पत्नी से झगड़ा किया। इसके बाद साली को चाकू मार दी। फिर कूदकर 16वें फ्लोर से नीचे कूद गया। पत्नी का कहना है कि वह 6 महीने से बेरोजगार था। वह दिन-रात शराब पीता था। इसके बाद घर में लड़ाई-झगड़ा करता था। आज भी शराब पीकर लड़ाई कर था। लड़ाई करते-करते उसने बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। पूरा घटना पैरामाउंट इमोशंस सोसाइटी के टॉवर नंबर-सी की है।

बेरोजगार होने के चलते तनाव थे
मूलरूप से पटना (बिहार) के रहने वाले शत्रुघ्न सिन्हा (38) एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह अपनी पत्नी के साथ टॉवर नंबर-सी में 16वें फ्लोर पर रहते थे। पत्नी गुलशन राठौर (34) ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा पिछले 6 महीने से बेरोजगार थे।
नौकरी न होने के चलते वह तनाव में थे। पत्नी गुलशन राठौर ने कहा- मैं भी एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हूं। मैं अपनी सैलरी से पूरे घर का खर्च चला रही थी। फ्लैट भी किराये पर ले रखा है। इसका किराया भी मैं ही दे रही हूं।
फ्लैट का दरवाजा बंद कर बालकनी से छलांग लगाई
गुलशन ने कहा- खर्च उठाने के बाद भी शत्रुघ्न आए दिन शराब के नशे में विवाद करता था। आज भी उसने शराब पी रखी थी। पहले मुझसे लड़ाई की। इसके बाद मुझे मारपीट करने की कोशिश की। जब मेरी बहन बीच-बचाव करने लगी तो उसे चाकू मार दिया।
गुलशन ने बताया कि मैंने पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शत्रुघ्न ने फ्लैट का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद खुद बालकनी में जाकर छलांग लगा दी। मेरे चिल्लाने पर आसपास के लोगों ने दरवाजा खोला। हम शत्रुघ्न को यथार्थ अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बिसरख थाना पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा ने पैरामाउंट सोसाइटी के टॉवर नंबर-सी में अपने फ्लैट की 16वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगाई थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन मौके पर मौजूद हैं और आगे की आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
