Greater Noida

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में रहने वालों के लिए अच्छी खबर आ गई

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट दिल्ली NCR
Spread the love

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ती आबादी और आने वाले समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन को देखते हुए ट्रैफिक का दबाव तेजी से बढ़ रहा है। सुबह और शाम के समय शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या आम हो गई है। अब इस परेशानी से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है।

95.77 करोड़ रुपये खर्च करेगा प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर की कई मुख्य और सेक्टरों को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण करेगा। इस परियोजना पर करीब 95.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

नोएडा एयरपोर्ट के कारण बढ़ेगा ट्रैफिक

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ग्रेटर नोएडा से गुजरने वाले वाहनों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में शहर की मौजूदा सड़कें ट्रैफिक का दबाव संभालने में कमजोर पड़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई है।

शहर में कई जगह लग रहा जाम

इन दिनों परीचौक, सेक्टर पी-3, सेक्टर पाई, लेबर चौक, एलजी गोलचक्कर और सूरजपुर तिराहे जैसी जगहों पर रोजाना जाम देखने को मिलता है। लोगों को खासकर ऑफिस टाइम में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

लालबत्ती मुक्त शहर की पहचान

ग्रेटर नोएडा को एक प्लान्ड सिटी के रूप में विकसित किया गया है। यहां ट्रैफिक को सुचारु रखने के लिए चौराहों पर गोलचक्कर बनाए गए हैं और शहर को लालबत्ती मुक्त रखा गया है। लेकिन बढ़ते वाहनों के कारण अब सड़कें छोटी पड़ने लगी हैं।

इन सड़कों का होगा चौड़ीकरण

प्राधिकरण जिन प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण करेगा, उनमें शामिल हैं:

  • सेक्टर 36-37 और सेक्टर पाई-1 व 2 के बीच की सड़क
  • नवादा गोलचक्कर से डेल्टा गोलचक्कर तक
  • ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सेक्टर 2-3 गोलचक्कर से तुस्याना कट तक
  • सूरजपुर-दादरी मार्ग पर सूरजपुर से डैंसों फैक्ट्री तक
  • अमृतपुरम से रामपुर गोलचक्कर तक
  • नट की मंढैया से कासना टी-प्वाइंट तक
  • एशियन पेंट फैक्ट्री से सिरसा गोलचक्कर तक
  • रामपुर से डेल्टा-2 गोलचक्कर तक
  • ईकोटेक-1 एक्सटेंशन-1 की पेरिफेरल सड़क

क्या बोले प्राधिकरण के सीईओ

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के अनुसार, सड़कों की चौड़ाई बढ़ने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और शहरवासियों को जाम से काफी राहत मिलेगी।