Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के सेक्टर-11 में उत्तर भारत की पहली फिनटेक सिटी विकसित की जाएगी। इस बड़ी परियोजना का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। यह फिनटेक सिटी कुल 759 एकड़ क्षेत्र में बनेगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
पहले चरण में 250 एकड़ पर होगा काम
फिनटेक सिटी के पहले चरण में 250 एकड़ जमीन पर विकास कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) लगभग अंतिम चरण में है, जिसे कुशमन एंड वेकफील्ड इंडिया कंपनी तैयार कर रही है। रिपोर्ट पूरी होते ही निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
यह भी पढ़ें : Greater Noida: देविका गोल्ड होम्स केस बना मिसाल, लाखों फ्लैट बायर्स को मिलेगा लाभ
दिल्ली और नोएडा में होंगे निवेश सम्मेलन
परियोजना में देश-विदेश के निवेशकों को जोड़ने के लिए अगले महीने दिल्ली और नोएडा में बड़े निवेश सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में वित्तीय क्षेत्र से जुड़ी टॉप-500 फॉर्च्यून कंपनियों और संस्थानों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि फिनटेक सिटी में बड़ा निवेश आ सके।
निवेशकों को मिलेंगी खास सुविधाएं
फिनटेक सिटी में निवेश करने वाली कंपनियों को कई विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। कंपनियों को अलग से लाइसेंस लेने की जरूरत नहीं होगी और एफडीआई नीति के तहत निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही 100 प्रतिशत विदेशी निवेश (FDI) वाली कंपनियों को 75 प्रतिशत तक जमीन पर सब्सिडी भी दी जाएगी, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा।
