Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में दिल्ली निवासी एक इंजीनियर की मौत के मामले में 16 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से परिजनों में नाराजगी है। परिवार ने मामले में जल्द कार्रवाई और आरोपी वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कदम उठाने की मांग की है।
दिल्ली से नोएडा आया था इंजीनियर
दिल्ली के बल्लीमारान निवासी विजय शर्मा के अनुसार उनका 28 वर्षीय बेटा अभिषेक शर्मा 21 अप्रैल को बाइक से घर से निकला था। अभिषेक पेशे से इंजीनियर था। रात करीब 9 बजे उसने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह किसी काम से नोएडा आया हुआ है।
देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी। बाद में जानकारी मिली कि यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई है।
आरोपी वाहन चालक पर कार्रवाई की मांग
परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम होने के बावजूद अभी तक हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। परिवार ने मांग की है कि मामले में जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान की जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
घटनास्थल से मिला हेलमेट, मोबाइल अब भी गायब
परिवार के मुताबिक हादसे के समय अभिषेक ने हेलमेट पहन रखा था। गुरुवार को परिजन खुद घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्हें हेलमेट मिला। हालांकि अभिषेक का मोबाइल फोन अब तक बरामद नहीं हो सका है।
जांच जारी
इस मामले में दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
