Ghaziabad

Ghaziabad: गाज़ियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट तक दौड़ेगी मेट्रो, ये रही पूरी डिटेल

Trending गाज़ियाबाद
Spread the love

Ghaziabad में मेट्रो कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद में मेट्रो कनेक्टिविटी (Metro Connectivity) को और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) अपने पांचवें चरण के विस्तार के तहत गाजियाबाद (Ghaziabad) में चार नए मेट्रो कॉरिडोर बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए DMRC ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को पत्र लिखकर इन प्रस्तावित रूट्स पर सहमति मांगी है। पढ़िए पूरी खबर…

Pic Social Media

DMRC इस चरण में उन क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना बना रहा है, जहां अब तक मेट्रो नहीं पहुंची है, जिसमें गाजियाबाद और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं।

गाजियाबाद रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगी रेड लाइन मेट्रो

GDA अधिकारियों के मुताबिक, DMRC की योजना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की है। इसके लिए वर्तमान में शहीद स्थल से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन तक रेड लाइन को तीन किलोमीटर आगे बढ़ाया जाएगा। इस विस्तार में एक नया मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित है। यह योजना यात्रियों को दिल्ली से सीधे रेलवे स्टेशन तक कनेक्टिविटी देगी, जिससे ट्रेनों से सफर करने वाले लोगों को खासा फायदा होगा।

ये भी पढ़ेंः Ghaziabad: गाज़ियाबाद में सिर्फ़ 23 लाख में मिलेगा घर, जल्दी से जरूरी खबर पढ़ें

साहिबाबाद तक बढ़ेगी ब्लू लाइन, मिलेंगे पांच नए स्टेशन

इसके साथ ही, ब्लू लाइन मेट्रो (Blue Line Metro) के अंतिम स्टेशन इलेक्ट्रॉनिक सिटी को पांच किलोमीटर आगे बढ़ाकर साहिबाबाद तक लाने की योजना है। इस रूट पर पांच नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे नोएडा, साहिबाबाद, वसुंधरा, वैशाली और गाजियाबाद के बड़ी आबादी को सीधा फायदा होगा।

वैशाली से मोहननगर तक नया मेट्रो रूट

DMRC की योजना में वैशाली से मोहननगर तक पांच किलोमीटर लंबे एक और मेट्रो रूट का प्रस्ताव शामिल है। इस रूट को ब्लू लाइन को रेड लाइन से जोड़ने के उद्देश्य से बनाया जाएगा। मोहननगर में इंटरचेंज स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। इस प्रस्तावित रूट पर चार मेट्रो स्टेशन बनेंगे। इंटरचेंज की सुविधा मिलने से यात्रियों को दिल्ली और गाजियाबाद दोनों ओर आसान कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

हिंडन एयरपोर्ट तक मेट्रो कनेक्टिविटी

सबसे अहम योजना हिंडन एयरपोर्ट (Hindon Airport) को मेट्रो से जोड़ने की है। इसके तहत दिल्ली की पिंक लाइन (गोकुलपुरी) को गाजियाबाद के अर्थला में रेड लाइन से जोड़ने का प्रस्ताव है। यह नया कॉरिडोर लगभग 12 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें 4 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड होगा।

इस रूट के तैयार होने से दिल्ली और गाजियाबाद के लोगों को हिंडन एयरपोर्ट तक मेट्रो के जरिए सीधी पहुंच मिल सकेगी। शहरी विकास मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए DMRC को इसके लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने को कहा है।

डीपीआर तैयार होने और केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इन परियोजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ेंः Traffic Alert: गाजियाबाद के लोगों को मोबाइल पर मिलेगा ट्रैफिक अपडेट, जानिये कैसे?

GDA देगा सहमति

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (Ghaziabad Development Authority) के अधिकारी आलोक रंजन ने कहा कि DMRC ने चार कॉरिडोर के लिए प्रस्ताव भेजा है और GDA जल्द ही इस पर सहमति देगा, जिससे परियोजनाओं को अमल में लाया जा सके।