Delhi: नई दिल्ली क्षेत्र में ट्रैफिक जाम से राहत देने और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधा और तेज रास्ता उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव को एनडीएमसी और पीडब्ल्यूडी को भेजा गया है, जिसमें दो अलग-अलग विकल्प सुझाए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सरदार पटेल मार्ग पर अक्सर भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। इसी समस्या को कम करने और यातायात को सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह योजना तैयार की गई है।
ट्रैफिक पुलिस का पहला प्लान: तालकटोरा स्टेडियम से धौला कुआं तक सुरंग या फ्लाईओवर
ट्रैफिक पुलिस के पहले विकल्प के तहत तालकटोरा स्टेडियम के पास से एक सुरंग या फ्लाईओवर शुरू करने का प्रस्ताव है। यह प्रस्तावित मार्ग पंचशील मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सत्य मार्ग, नीति मार्ग, शांति पथ और विनय मार्ग से होकर धौला कुआं की ओर जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य नई दिल्ली क्षेत्र में ट्रैफिक के दबाव को कम करना और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को एक सीधा और तेज विकल्प देना है।
दूसरा विकल्प: दयाल चौक से शंकर रोड और वंदे मातरम मार्ग तक नया फ्लाईओवर या सुरंग
दूसरे विकल्प में दयाल चौक के पास शंकर रोड और वंदे मातरम मार्ग चौराहे से फ्लाईओवर या सुरंग बनाने का सुझाव दिया गया है। यह योजना विशेष रूप से शंकर रोड से आने वाले यातायात को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जहां करोल बाग और आसपास के क्षेत्रों के कारण अक्सर भारी ट्रैफिक रहता है।
इस विकल्प के लागू होने से इस इलाके में जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है और वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारु हो सकेगी।
बारापुला फेज-3 परियोजना का काम तेजी से जारी
दिल्ली में बारापुला फेज-तीन परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना के बचे हुए पिलर और स्पैन तैयार हो चुके हैं और मयूर विहार से सराय काले खां जाने वाले कैरिजवे पर स्लैब डालकर सड़क निर्माण के लिए उपयुक्त बना दिया गया है।
इसके साथ ही फ्लाईओवर पर 450 से अधिक एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इनमें 300 से ज्यादा 200 वॉट की लाइटें होंगी, जिससे रात के समय वाहन चालकों को बेहतर रोशनी और सुरक्षा मिल सकेगी।
मयूर विहार से सराय काले खां तक साढ़े तीन किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर
करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण मयूर विहार फेज-एक से सराय काले खां तक किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी ने इस परियोजना को जून तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है और फिलहाल निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली से एम्स और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक यात्रा करना आसान और तेज हो जाएगा। यह फ्लाईओवर यमुना नदी के बीच से होकर गुजर रहा है और इसमें पैदल यात्रियों के लिए एक वॉकवे भी बनाया जा रहा है। जिस क्षेत्र से यह फ्लाईओवर गुजर रहा है, वहां मयूर नेचर पार्क बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। दिल्ली में ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए नई सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाएं लगातार तैयार की जा रही हैं। तालकटोरा स्टेडियम और दयाल चौक से प्रस्तावित सुरंग या फ्लाईओवर बनने से नई दिल्ली क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और एयरपोर्ट तक पहुंचने में लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, बारापुला फेज-3 के पूरा होने से दिल्ली और एनसीआर के लाखों यात्रियों के लिए सफर अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो जाएगा।
