Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: संत कबीर जयंती पर सोनपैरी कबीर आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बिजली बिल समाधान योजना 3 महीने बढ़ाने का ऐलान

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर के सोनपैरी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत शामिल हुए। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने गुरु असंग देव का आशीर्वाद लिया, वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और संत कबीर के विचारों को आज के समाज के लिए मार्गदर्शक बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने बढ़ाने की घोषणा भी की।

संत कबीर के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक: थावरचंद गहलोत

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी पूरे समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जाति-पाति, ऊंच-नीच और आडंबर से ऊपर उठकर संत कबीर ने मानवता का मार्ग दिखाया, जिसकी आज पहले से अधिक आवश्यकता है।

उन्होंने सोनपैरी कबीर आश्रम द्वारा शिक्षा, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

संत कबीर की शिक्षाएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ संत कबीर की तपोभूमि और उनके अनुयायियों की पावन भूमि है। उन्होंने बताया कि उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता और संत कबीर की वाणी का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है।

उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपना जीवन समाज से छुआछूत, जाति-पाति, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने के लिए समर्पित किया। आज भी उनके विचार समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना तीन महीने और बढ़ेगी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी। इससे अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य विशेष प्रावधानों का लाभ उठाकर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे।

राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना, महतारी वंदन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के अधिक उपयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने लोगों से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से दर्ज शिकायतों का तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।

गुरु असंग देव ने दिया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

गुरु असंग देव ने कहा कि संत कबीर ने समाज से पाखंड, कुरीतियों और आडंबर को समाप्त करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने सेवा, परमार्थ, गौसेवा, वृक्षारोपण और ग्राम विकास को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा के माध्यम से ही वास्तविक सुख और आत्मिक संतोष प्राप्त किया जा सकता है।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में कबीरपंथी अनुयायी भी मौजूद रहे।