Chhattisgarh News: रायपुर, 9 जून 2026: जशपुर जिले में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने जिला पंचायत सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, कृषि, पेयजल, आवास, राशन वितरण, सामाजिक सुरक्षा और अन्य प्रमुख विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सुशासन तिहार और राजस्व मामलों पर विशेष जोर
प्रभारी सचिव ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गंभीरता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को सभी मामलों का ऑनलाइन पंजीयन और रिकॉर्ड अपडेट रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि जिले में सुशासन तिहार के तहत 35 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 15,846 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 11,205 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि बाकी मामलों का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
आवास और पेयजल योजनाओं की हुई समीक्षा
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिले में कुल 1 लाख 12 हजार 618 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 93 हजार 506 आवास पूरे किए जा चुके हैं।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और जिन गांवों में भूजल स्तर कम है, वहां वैकल्पिक एवं स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य और शिक्षा परियोजनाओं पर नजर
बैठक में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरों वाले अस्पताल, शासकीय नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थानों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही स्कूलों में पाठ्यपुस्तक और यूनिफॉर्म वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, फिजियोथेरेपी कॉलेज और क्रिटिकल केयर सेंटर जैसी परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए दिए विशेष निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने खरीफ और रबी फसलों, खाद-बीज की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन, तिलहन, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी और मत्स्यपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि अपेक्स बैंक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक और सहकारिता विभाग के सहयोग से किसानों को कृषि और कृषि आधारित व्यवसायों के लिए आसान ऋण उपलब्ध कराया जाए।
दिव्यांग और वृद्धों को घर पहुंच पेंशन देने के निर्देश
समाज कल्याण विभाग को निर्देश देते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि ऐसे दिव्यांग, वृद्ध और असहाय लोगों की पहचान की जाए जो बैंक तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे हितग्राहियों को बीसी सखी के माध्यम से घर पहुंच पेंशन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जरूरतमंद लोगों को कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र, चश्मा, बैसाखी और अन्य सहायक उपकरण प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
मनरेगा और जल संरक्षण कार्यों की भी समीक्षा
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान नियमित रूप से किया जा रहा है। जल संरक्षण के लिए जिले में 6 मॉडल अमृत सरोवर चयनित किए गए हैं। इसके अलावा 495 आजीविका डबरी, 461 वाटर रिचार्ज, 1,437 पारंपरिक जल स्रोतों के जीर्णोद्धार और 3,050 सोक पिट निर्माण कार्य स्वीकृत एवं प्रगति पर हैं।
बैठक में मनरेगा, ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, पीएम जनमन योजना, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन, पशुपालन, जल संसाधन, शिक्षा, समाज कल्याण और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
