Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों” – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का परीक्षार्थियों को संदेश

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने परीक्षा दे रहे प्रदेश के छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया है। उन्होंने स्नेहपूर्वक कहा — “ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों।” मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा का समय जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस दौरान उत्साह के साथ थोड़ा तनाव होना स्वाभाविक है, लेकिन घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

डर स्वाभाविक है, लेकिन आत्मविश्वास जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दिनों बच्चों के मन में उत्साह भी होता है और थोड़ा डर भी। लेकिन सबसे पहले यह समझ लें कि वे अकेले नहीं हैं। पूरा परिवार, शिक्षक और सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा कि अगर परीक्षा के समय डर लग रहा है तो इसका मतलब है कि विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं। डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। हालांकि, इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी नहीं होने देना चाहिए।

सालभर की मेहनत बनेगी सफलता की ताकत

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को याद दिलाया कि उन्होंने पूरे साल मेहनत की है। हर दिन की पढ़ाई, अभ्यास और दोहराव अब उनकी ताकत बनकर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि खुद पर भरोसा रखें और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें। मेहनत और लगन का परिणाम जरूर मिलेगा।

पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान

मुख्यमंत्री ने बच्चों को सलाह दी कि वे नियमित पढ़ाई करें और कठिन विषयों को दोहराते रहें। समय का सही प्रबंधन करें और पढ़ाई तथा आराम के बीच संतुलन बनाए रखें। पर्याप्त नींद लें, पौष्टिक भोजन करें और मोबाइल फोन से दूरी बनाकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। स्वस्थ शरीर और शांत मन से बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन का जताया विश्वास

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी इस बार भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चे अपनी मेहनत से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उनका यह संदेश विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है।