Chhattisgarh News: Tank Ram Verma ने वीआईपी कल्चर और सरकारी तामझाम को कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने सरकारी दौरों में इस्तेमाल होने वाले ‘पायलट’ और ‘फॉलो’ वाहनों के उपयोग को तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला लिया है।
छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने यह निर्णय प्रधानमंत्री Narendra Modi के ऊर्जा बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के आह्वान से प्रेरित होकर लिया है।
सीमित वाहनों के साथ करेंगे सफर
मंत्री ने कहा कि अब वह अपने पूरे स्टाफ के साथ बेहद सीमित और कम से कम गाड़ियों के काफिले में यात्रा करेंगे। उनके इस फैसले को सादगी, जवाबदेही और संसाधनों के सही उपयोग की दिशा में बड़ा संदेश माना जा रहा है।
राज्य स्तर पर इस पहल की काफी चर्चा हो रही है और इसे वीआईपी संस्कृति को कम करने की सकारात्मक शुरुआत बताया जा रहा है।
“जनप्रतिनिधियों को खुद से करनी चाहिए शुरुआत”
अपने फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि देश इस समय चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में देशहित से जुड़ी किसी भी पहल की शुरुआत जनप्रतिनिधियों को खुद से करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस कदम से सरकारी खर्चों में कमी आएगी और आम लोगों के बीच ईंधन संरक्षण तथा ऊर्जा बचत को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी।
जनता और सामाजिक संगठनों ने की सराहना
मंत्री वर्मा के इस फैसले का विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि नेताओं द्वारा फिजूलखर्ची कम करने और सरकारी संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की यह पहल प्रेरणादायक है।
कई लोगों ने इसे जमीन से जुड़े नेतृत्व और सादगी की मिसाल बताया है।
