Chhattisgarh News: रायपुर में आयोजित नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। यह कार्यक्रम कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा बीटीआई मैदान में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब कृषि के साथ-साथ व्यापार और उद्योग के लिए भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में निवेश के लिए बेहतर माहौल बना है, जिसके कारण व्यापारी और उद्योगपति यहां रुचि दिखा रहे हैं।
बजट 2026-27 का थीम ‘संकल्प’
मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। सरकार का यह तीसरा वर्ष है। पहले वर्ष का बजट “ज्ञान” थीम पर आधारित था, जिसमें गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। दूसरे वर्ष “गति” थीम के साथ विकास को रफ्तार दी गई। इस वर्ष का बजट “संकल्प” थीम पर आधारित है, जो विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है।
बस्तर और सरगुजा के विकास पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों के विकास पर खास ध्यान दिया गया है। बस्तर प्राकृतिक रूप से बहुत सुंदर क्षेत्र है, लेकिन नक्सलवाद के कारण कई वर्षों तक विकास से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई के चलते स्थिति बदल रही है। सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करना है।
शिक्षा, कृषि और वन उत्पादों को बढ़ावा
सरकार ने अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी बनाने का प्रावधान किया है। साथ ही वन उत्पादों के मूल्य संवर्धन (वैल्यू एडिशन) पर काम किया जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों की आय बढ़ सके। राज्य का 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों की अपार संभावनाएं हैं।
हरित अभियान और उद्योग नीति
मुख्यमंत्री ने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। नई उद्योग नीति के तहत निवेश को प्रोत्साहन मिल रहा है। राज्य में अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी निवेश की शुरुआत हो चुकी है।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प के अनुरूप राज्य सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार ने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है और अगले पांच वर्षों में जीएसडीपी दर को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। वर्ष 2047 तक राज्य का जीएसडीपी 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने की योजना है।
व्यापारियों की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में व्यापारियों और उद्योगपतियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नेशनल ट्रेड एक्सपो के सफल आयोजन के लिए कैट की टीम को बधाई दी और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
