Chhattisgarh News: केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि छत्तीसगढ़ को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और उन्नत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विशेष नीति तैयार करेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिकों और राज्य सरकार के अधिकारियों की टीम अगले एक सप्ताह में छत्तीसगढ़ के एग्रोक्लाइमेट के अनुरूप नीति तैयार करेगी।
कृषि विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रालय महानदी भवन में कृषि विभाग के कामकाज की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, मुख्य सचिव श्री विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव श्रीमती शहला निगार सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
फसल विविधिकरण से बढ़ेगी किसानों की आय
बैठक के दौरान यह तय किया गया कि छत्तीसगढ़ में फसल विविधिकरण को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि किसानों की आय बढ़ सके। इसके तहत पतले और सुगंधित धान की किस्मों को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही छोटे किसानों को पशुपालन, मत्स्यपालन और वानिकी जैसी सहायक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
रिसर्च और नई किस्मों पर होगा फोकस
केन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में रिसर्च और फसल की किस्मों से जुड़ी समस्याओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुसंधान ऐसा होना चाहिए जिससे सीधे किसानों को लाभ मिले। अलग-अलग प्रयोगों के माध्यम से कृषि को और मजबूत बनाया जाएगा।
एफपीओ और कृषि योजनाओं की समीक्षा
केंद्रीय मंत्री ने किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को मजबूत करने, कृषि यंत्रों के वितरण की फिजिकल वेरिफिकेशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य जिला योजना की समीक्षा की। उन्होंने टीम वर्क और नवाचार पर जोर देते हुए कहा कि अच्छा काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
जलवायु के अनुसार अलग-अलग फसलों को बढ़ावा
श्री चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विभिन्न फसलों के लिए उपयुक्त जलवायु क्षेत्र मौजूद है। उन्होंने सुझाव दिया कि अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों में वहां की जलवायु के अनुसार फसलों को बढ़ावा दिया जाए। इससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आमदनी मजबूत होगी।
केंद्र सरकार की योजनाओं पर विशेष जोर
बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि योजना, कृषि सिंचाई योजना, मिशन फॉर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस, कृषि उन्नति योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और बागवानी मिशन जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक शत-प्रतिशत पहुंचे। उन्होंने पाम ऑयल और मखाना की खेती को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने जताया केंद्र सरकार का आभार
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिल रही सहायता से छत्तीसगढ़ में कृषि और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
