Chhattisgarh News: 13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 फरवरी से मैनपाट महोत्सव 2026 की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इस तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन 13 से 15 फरवरी तक रोपाखार जलाशय के पास किया जाएगा। मैनपाट को छत्तीसगढ़ का शिमला और छोटा तिब्बत कहा जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

पर्यटन और संस्कृति विभाग कर रहा आयोजन

मैनपाट महोत्सव का आयोजन राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल करेंगे। महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय कला को बढ़ावा देना है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी मैनपाट की शाम

महोत्सव में लोक गीत, नृत्य और आधुनिक संगीत का शानदार संगम देखने को मिलेगा। 13 फरवरी को भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा का प्रसिद्ध छऊ नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा।

14 फरवरी को छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

15 फरवरी को महोत्सव का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड की मशहूर गायिका कनिका कपूर होंगी। इस दिन रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी प्रस्तुति देंगे। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव की रौनक बढ़ाएंगे।

एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्थानीय स्वाद का मिलेगा मजा

मैनपाट महोत्सव में पर्यटकों के लिए कई एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया गया है। यहां बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल का आनंद लिया जा सकेगा। फूड जोन में सरगुजा अंचल के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे, जिससे लोग स्थानीय स्वाद का अनुभव कर सकेंगे।

विकास प्रदर्शनी और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन

महोत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें शासन की योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पाद जैसे टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पार्किंग और पर्यटकों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मैनपाट के प्रमुख दर्शनीय स्थल

अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर स्थित मैनपाट समुद्र तल से करीब 3,781 फीट की ऊंचाई पर बसा है। यहां बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय निवास करता है और थाकपो शेडुप्लिंग मठ प्रमुख आकर्षण है।

जलजली क्षेत्र एक अनोखा भूगर्भीय स्थल है, जहां जमीन कूदने पर स्पंज की तरह हिलती है। इसे म्यूजिकल लैंड भी कहा जाता है। उल्टा पानी एक रहस्यमय स्थान है, जहां पानी ढलान के विपरीत दिशा में बहता दिखाई देता है। इसके अलावा टाइगर पॉइंट, मछली पॉइंट, मेहता पॉइंट और सरभंजा जलप्रपात जैसे कई सुंदर पर्यटन स्थल मैनपाट की पहचान हैं।