पांच खाली पदों पर नजर
Uttarakhand News: उत्तराखंड में सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) की सरकार में जल्द ही कैबिनेट विस्तार होने की संभावना है। सीएम धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट (Mahendra Bhatt) ने रविवार को इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं। राज्य मंत्रिमंडल (Cabinet) में वर्तमान में पांच पद खाली हैं, जिनमें से चार लंबे समय से रिक्त हैं, जबकि एक पद हाल ही में पूर्व संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हुआ है। पढ़िए पूरी खबर…

हाईकमान से चल रही चर्चा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Chief Minister Pushkar Singh Dhami) ने हाल ही में नई दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ कैबिनेट विस्तार को लेकर बातचीत की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही इस दिशा में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। सीएम धामी ने कहा, ‘कैबिनेट विस्तार को लेकर हाईकमान से बातचीत चल रही है। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों पर काम करती है, और हाईकमान के निर्देश पर जल्द निर्णय होगा।’
ये भी पढ़ेंः Uttarakhand: थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण
बीजेपी विधायकों में उत्साह
कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं ने बीजेपी विधायकों में नई उम्मीद जगाई है। कई विधायक मंत्री पद की दौड़ में शामिल होने की तैयारी में जुट गए हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, ‘कैबिनेट में खाली पदों को भरने की कवायद लंबे समय से चल रही है, और अब इन्हें जल्द भरा जाएगा।’ इससे पहले भी कई बार विस्तार की चर्चाएं हुईं, लेकिन अब तक खाली पदों को नहीं भरा जा सका।
इन नामों की चर्चा जोरों पर
कैबिनेट में शामिल होने वाले संभावित चेहरों में विधायक खजान दास, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, विनोद कंडारी, भरत चौधरी, बंशीधर भगत, बिशन सिंह चुफाल, और राम सिंह कैड़ा जैसे नामों की चर्चा जोरों पर है। इनमें से कुछ अनुभवी विधायक हैं, तो कुछ नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी नेतृत्व द्वारा 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नए और अनुभवी चेहरों का मिश्रण चुना जा सकता है।
ये भी पढ़ेंः Uttarakhand: थराली आपदा पर CM धामी का बड़ा कदम, 5 लाख मुआवजे का किया ऐलान
दिल्ली पर टिकी निगाहें
कैबिनेट विस्तार को लेकर अंतिम फैसला बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री धामी जल्द ही दिल्ली जाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, यह विस्तार नवरात्रि तक हो सकता है, लेकिन कुछ देरी की भी संभावना है। उत्तराखंड की सियासी हलचल पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

