Bihar News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड (कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार) की ओर से रीजेंट सिनेमा, गांधी मैदान पटना में फिल्म “हक़” का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। सुबह 11:30 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमी और दर्शक उपस्थित रहे।
अतिथियों का किया गया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत समारोह के साथ हुई। संग्रहालय निदेशालय के निदेशक श्री कृष्ण कुमार ने बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी (भा.प्र.से.) को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इसके बाद सहायक निदेशक सह सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. अजय सिंह ने भी श्री कृष्ण कुमार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
महिलाओं को एक-दूसरे का सहयोग जरूरी: रूबी
इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्रीमती रूबी ने कहा कि महिलाओं को अपने सम्मान और अधिकारों के लिए केवल पुरुषों पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए और आगे बढ़ने के अवसर भी देने चाहिए। जब महिलाएँ आपसी सहयोग और सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ेंगी, तभी वास्तविक रूप में महिला सशक्तिकरण संभव होगा।
उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ भी दीं।
महिला सशक्तिकरण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी
निदेशक श्री कृष्ण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुरुषों की भी उतनी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह दिन उनके लिए खास महत्व रखता है क्योंकि उनकी दो बेटियाँ हैं और समाज को ऐसा माहौल बनाना चाहिए जहां बेटियाँ सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
फिल्म ‘हक़’ में महिलाओं के संघर्ष की कहानी
कार्यक्रम के दौरान फिल्म “हक़” का प्रदर्शन किया गया। इस फिल्म का निर्देशन शूर्ण वर्मा ने किया है, जबकि इसके निर्माता विनीत जैन, विशाल गुरनानी, जूही पारेख मेहता, हरमन बावेजा और विक्की जैन हैं।
फिल्म महिलाओं के अधिकार, संघर्ष और सामाजिक परिस्थितियों के बीच उनके आत्मसम्मान और न्याय की लड़ाई को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।
दर्शकों ने की फिल्म की सराहना
फिल्म के प्रदर्शन के बाद उपस्थित दर्शकों ने इसकी कहानी और संदेश की सराहना की। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संदेश देने वाली फिल्म बताया।
कार्यक्रम का संचालन
कार्यक्रम का संचालन श्री अरविंद रंजन दास ने किया। उन्होंने अपने रोचक अंदाज़ से पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस अवसर पर विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
