Bihar News

Bihar News: बिहार सरकार 1100 श्रद्धालुओं को कराएगी निःशुल्क सोमनाथ यात्रा, 20 जुलाई से विशेष ट्रेन होगी रवाना

बिहार
Spread the love

Bihar News: बिहार सरकार कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से 20 जुलाई 2026 से लगभग 1100 श्रद्धालुओं के लिए विशेष ‘सोमनाथ यात्रा’ का आयोजन करेगी। यह यात्रा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था’ के तहत आयोजित की जा रही है।

यात्रा का शुभारंभ पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से विशेष रेलगाड़ी के जरिए होगा। श्रद्धालु सोमनाथ धाम के दर्शन और भ्रमण के बाद 26 जुलाई 2026 को पटना लौटेंगे।

बिहार और गुजरात सरकार मिलकर करेंगी व्यवस्थाएं

यात्रा के दौरान वातानुकूलित रेल यात्रा, भोजन, श्रद्धालुओं के लिए विशेष किट, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा, स्वयंसेवकों की व्यवस्था और अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं बिहार सरकार उपलब्ध कराएगी।

वहीं, सोमनाथ पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के आवास, स्थानीय परिवहन, स्वागत एवं विदाई कार्यक्रम सहित अन्य व्यवस्थाएं गुजरात सरकार द्वारा की जाएंगी।

सोमनाथ की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने का प्रयास

यह आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों, विशेषकर युवाओं को भारत की गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना है।

यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है, जिसके माध्यम से देशभर में सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मंत्री बोले— सोमनाथ राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक

कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की आस्था, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश की सांस्कृतिक विरासत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। बिहार सरकार श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार आध्यात्मिक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

तैयारियां शुरू, प्रशासनिक स्वीकृति मिली

डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि कला एवं संस्कृति विभाग यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कर रहा है।

राज्य सरकार इस आयोजन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर चुकी है और यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विभाग विभिन्न संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।