Nitish Kumar shared the final design of the proposed 'Janaki Mandir' in Sitamarhi

Bihar News: सीतामढ़ी में जल्द बनकर तैयार होगा मां जानकी का भव्य मंदिर: CM नीतीश

बिहार राजनीति
Spread the love

Bihar News: बिहार वासियों के लिए बेहद अच्छी खबर है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में ‘जानकी मंदिर’ बहुत जल्द बनकर तैयार होगा। इस स्थान को देवी सीता का जन्मस्थान माना जाता है। नीतीश सरकार ने ‘पुनौरा धाम जानकी मंदिर’ के चल रहे पुनर्विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए एक न्यास की भी स्थापना की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कई तस्वीरें साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि जगत जननी मां जानकी की जन्मस्थली पुनौरा धाम, सीतामढ़ी को समग्र रूप से विकसित करने के लिये भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिजाइन अब तैयार हो गया है, जिसे आपके साथ साझा किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ इसके लिए एक ट्रस्ट का भी गठन कर दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य में तेजी आ सके। हमलोग पुनौरा धाम, सीतामढ़ी में भव्य मंदिर निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिये कृतसंकल्पित हैं। पुनौरा धाम में मां जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।’’

बिहार मंत्रिमंडल ने हाल ही में ‘‘पुनौरा धाम जानकी मंदिर’’ के विकास के लिए डिजाइन सलाहकार के तौर पर नोएडा की एक निजी कंपनी को जिम्मेदारी देने की मंजूरी दी थी।यह वही संगठन है, जो अयोध्या में राम मंदिर की मास्टर प्लानिंग और वास्तुकला सेवाओं के लिए सलाहकार था। विदेशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुनौरा धाम आते हैं। इससे पहले राज्य मंत्रिमंडल ने मंदिर के समग्र विकास के लिए 120 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।

नीतीश कुमार ने 13 दिसंबर 2023 को पुनौरा धाम जानकी मंदिर के समग्र विकास की आधारशिला रखी थी। नई विकास योजना के तहत राज्य सरकार ‘सीता-वाटिका’, ‘लव-कुश वाटिका’ विकसित करेगी, परिक्रमा पथ, डिस्प्ले कियोस्क, कैफेटेरिया, बच्चों के लिए क्षेत्र आदि का निर्माण कराएगी।

राज्य सरकार के मुताबिक, पुनौरा धाम को जोड़ने वाली सभी सड़कों का भी विकास किया जा रहा है। इसके अलावा, तीर्थ स्थल के चारों ओर थीम आधारित द्वार और पार्किंग क्षेत्र का निर्माण किया जा रहा है।