Bengal News: Yogi Adityanath ने पश्चिम बंगाल के उदयनारायणपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 4 मई के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के गुंडों की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार Prabhakar Pandit के समर्थन में जनता से मतदान करने की अपील की।
सीएम योगी की इस जनसभा में चिलचिलाती धूप के बावजूद हजारों लोग गमछा और छाता लेकर पहुंचे। उन्होंने लोगों के उत्साह को देखते हुए कहा कि जनता का यह समर्थन बदलाव का संकेत है और आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में नई शुरुआत होगी।
टीएमसी की धमकियों के बावजूद सभा करने पहुंचे सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि टीएमसी कार्यकर्ता इस जनसभा को होने नहीं देना चाहते थे और टेंट व माइक की व्यवस्था में बाधा डाल रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने कार्यक्रम रद्द नहीं किया और उदयनारायणपुर पहुंचकर सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को धमकाने और सभा रोकने की कोशिशों के बावजूद जनता का उत्साह कम नहीं हुआ। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को बहादुर बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
मंच पर भाजपा कार्यकर्ता की मां से मिलकर जताया संवेदना
जनसभा के दौरान सीएम योगी मंच पर एक दिवंगत भाजपा कार्यकर्ता की मां से मिले और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता की शहादत से हजारों नए कार्यकर्ता तैयार होते हैं और यह संघर्ष लोकतंत्र को मजबूत बनाता है।
सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जो लोग डर और हिंसा का सहारा लेते हैं, उन्हें जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
बंगाल को गुंडागर्दी और माफियागिरी से मुक्त करने का संकल्प
सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि पश्चिम बंगाल की पहचान पहले ज्ञान और संस्कृति के केंद्र के रूप में होती थी, लेकिन पिछले वर्षों में राज्य में बेरोजगारी और अपराध बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और कम्युनिस्ट दलों की नीतियों के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह देश में कुछ बड़े फैसले लेकर व्यवस्था में बदलाव किया गया, उसी तरह बंगाल को भी गुंडागर्दी और माफियागिरी से मुक्त करना जरूरी है।
धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान पर भी बोले सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा बहुत समृद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य की पहचान उसकी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई है और इसे बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का अधिकार सभी को होना चाहिए और सरकार की जिम्मेदारी है कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
‘डबल इंजन सरकार’ बनाने की अपील
अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने जनता से अपील की कि वे भाजपा को समर्थन देकर राज्य में विकास की नई शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास कार्य तेजी से होते हैं और जनता को सीधा लाभ मिलता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में जनता का समर्थन मिलने से पश्चिम बंगाल में विकास और सुरक्षा का नया दौर शुरू होगा।
