Punjab News

Punjab News:पठानकोट में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल की बड़ी घोषणाएं, 1 अगस्त से तीर्थ यात्रा के तीन नए रूट शुरू

पंजाब
Spread the love

Punjab News: पठानकोट, 17 जुलाई। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को पठानकोट में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने धार्मिक आयोजनों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य की विकास पहलों को लेकर कई घोषणाएं कीं।

1 अगस्त को मिलेगी मावां धियां सत्कार योजना की लंबित राशि

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मावां धियां सत्कार योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं के खातों में ₹3,000 की राशि पहुंच चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि जिन महिलाओं का पंजीकरण पूरा हो चुका है लेकिन भुगतान अभी तक नहीं मिला है, उनके बैंक खातों में 1 अगस्त को राशि भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का होगा विस्तार

केजरीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का विस्तार किया जा रहा है। 1 अगस्त से तीन नए तीर्थ मार्ग शुरू होंगे, जिनमें खाटू श्याम जी–सालासर, हरिद्वार–ऋषिकेश और मथुरा–वृंदावन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन नए मार्गों के माध्यम से लगभग 1.5 लाख श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा का लाभ मिलेगा।

धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का फोकस

कार्यक्रम में केजरीवाल ने बताया कि पटियाला स्थित काली माता मंदिर का लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जा रहा है, जिसका कार्य अक्टूबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा अमृतसर में भगवान वाल्मीकि मंदिर के समीप सीता माता और लव-कुश मंदिर का निर्माण भी प्रस्तावित है।

भगवंत मान बोले- पंजाब में भाईचारा हमारी सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की धरती पर भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मजबूत परंपरा है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी धार्मिक पर्व और महापुरुष पूरे समाज की साझा विरासत हैं तथा सरकार सभी धर्मों और परंपराओं का सम्मान करते हुए कार्य कर रही है।

जनकल्याण योजनाओं और विकास कार्यों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सड़क निर्माण, सरकारी नौकरियों, मुफ्त इलाज, बिजली राहत और महिलाओं के लिए चलाई जा रही आर्थिक सहायता योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक धन का उपयोग केवल जनहित के कार्यों में करना है।

‘रंगला पंजाब’ बनाने का आह्वान

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से नशा, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार मुक्त ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा और विकास तथा सामाजिक सद्भाव को प्राथमिकता देनी होगी।