Bihar News: बिहार सरकार ने राज्य को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने बिहार स्टेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (AI CoE) कॉरपोरेशन के गठन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही कॉरपोरेशन के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MoA) और आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन (AoA) को भी स्वीकृति मिल गई है। सरकार का कहना है कि इस पहल से बिहार में AI आधारित रिसर्च, नवाचार, स्टार्टअप और तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी।
AI से सशक्त होगा विकसित बिहार
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार बिहार को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी सोच के तहत बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन को मंजूरी दी गई है, जिसके अंतर्गत राज्य में AI के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (CoE) स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से शिक्षा, उद्योग, अनुसंधान और शासन के बीच बेहतर तालमेल विकसित किया जाएगा।
आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर होगा तैयार
मंत्री ने बताया कि AI CoE कॉरपोरेशन राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों के विकास, संचालन और विस्तार के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा तैयार करेगा। इसके तहत हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग (HPC), क्लाउड प्लेटफॉर्म, डेटा प्लेटफॉर्म और आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा।
इससे शोध संस्थानों, स्टार्टअप्स, उद्योगों और सरकारी विभागों को विश्वस्तरीय तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
स्टार्टअप और युवाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
सरकार का मानना है कि इस पहल से बिहार में AI और नई तकनीकों पर काम करने वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही युवाओं, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को नवाचार के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। इससे राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
स्किल डेवलपमेंट पर रहेगा खास जोर
AI CoE के जरिए युवाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, वर्कशॉप, हैकाथॉन, रिसर्च प्रोजेक्ट और इंडस्ट्री-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य युवाओं को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करना और उन्हें AI से जुड़े नए कौशल सिखाना है।
कई क्षेत्रों में होगा AI का इस्तेमाल
सरकार के अनुसार AI आधारित तकनीकों का उपयोग सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों में बढ़ाया जाएगा। इससे शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनेगी। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शहरी विकास, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में AI आधारित सेवाओं का विस्तार होगा।
बिहार को AI हब बनाने की तैयारी
मंत्री नीतीश मिश्रा ने विश्वास जताया कि बिहार स्टेट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (AI CoE) कॉरपोरेशन का गठन राज्य के डिजिटल परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार को देश के प्रमुख AI नवाचार केंद्रों में शामिल करने और “विकसित बिहार” के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।
