Death threat to Rubika Liyaquat; FIR registered in Noida

Rubika Liyaquat: मशहूर टीवी पत्रकार रूबिका लियाकत की जान का दुश्मन कौन?

TV
Spread the love

Rubika Liyaquat: सीनियर एंकर और टाइम्स नाउ नवभारत की VP-एग्जीक्यूटिव एडिटर रूबिका लियाकत को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके पति नवेद कुरैशी की शिकायत पर नोएडा के सेक्टर-39 थाने में FIR दर्ज कराई है जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक महीने से मिल रहे हैं धमकी भरे कॉल

शिकायत के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से रूबिका लियाकत के मोबाइल फोन पर अलग-अलग अज्ञात नंबरों से लगातार कॉल और संदेश भेजे जा रहे हैं। आरोप है कि कॉल करने वाले उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इन घटनाओं के चलते परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

गतिविधियों की जानकारी देकर बढ़ाई चिंता

शिकायत में यह भी कहा गया है कि धमकी देने वाले लोग रूबिका लियाकत के आने-जाने, यात्रा मार्ग और विभिन्न स्थानों पर मौजूदगी जैसी जानकारी भी साझा कर रहे हैं। इससे आशंका जताई गई है कि उनकी निगरानी की जा रही है या किसी तकनीकी माध्यम से उनकी लोकेशन पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, इस संबंध में फिलहाल पुलिस जांच जारी है।

तकनीकी जांच की उठाई मांग

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की विस्तृत साइबर और डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराने का अनुरोध किया है। इसके तहत संदिग्ध मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) की जांच, आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने और दूरसंचार कंपनियों से डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग की गई है।

सुरक्षा बढ़ाने की भी अपील

परिवार ने पुलिस से रूबिका लियाकत और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आवास और कार्यस्थल के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने का अनुरोध किया है। शिकायतकर्ता ने जांच एजेंसियों को कॉल लॉग, संदिग्ध नंबरों की सूची और अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात भी कही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सेक्टर-39 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें धमकी देने वाले नंबरों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि मामला किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा है या व्यक्तिगत रंजिश अथवा शरारत का परिणाम है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।