NDTV: टीवी मीडिया से बड़ी और अहम खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार और चर्चित न्यूज एंकर मनोज्ञा लोईवाल को NDTV ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए Executive Editor और Anchor नियुक्त किया है। इससे पहले वह चैनल में Senior Editor के पद पर अपनी सेवाएं दे रही थीं।
मनोज्ञा लोईवाल पत्रकारिता के क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव रखती हैं। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने देश और दुनिया की कई महत्वपूर्ण घटनाओं की जमीनी रिपोर्टिंग की है। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति, चुनाव, प्राकृतिक आपदाओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग को विशेष पहचान मिली है।
NDTV से पहले वह ABP News में Editor (Special Projects) और Anchor के रूप में कार्यरत थीं। इसके अलावा उन्होंने India Today Group और Aaj Tak में रहते हुए पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बांग्लादेश से कई चर्चित रिपोर्ट्स कीं। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने दैनिक जागरण से की थी। अपने करियर में वह Network18 और NewsX जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों के साथ भी जुड़ी रहीं।
कोविड-19 महामारी के दौरान चीन के वुहान से लाइव रिपोर्टिंग करने वाली एशिया की शुरुआती पत्रकारों में मनोज्ञा लोईवाल का नाम शामिल है। इसके अलावा उन्होंने डोकलाम सीमा विवाद, रोहिंग्या संकट, नेपाल भूकंप, चक्रवात अम्फान, बालासोर ट्रेन हादसा, भारत-चीन सीमा से जुड़े घटनाक्रमों और लोकसभा-विधानसभा चुनावों जैसी कई बड़ी खबरों की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है।
एक एंकर के रूप में भी मनोज्ञा लोईवाल ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और महानायक अमिताभ बच्चन सहित अनेक प्रमुख हस्तियों के साक्षात्कार किए हैं। NDTV में मिली नई जिम्मेदारी को उनके पत्रकारिता करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
