Greater Noida West: Car driver hits woman and three children near Panchsheel Green-2, then flees the scene with the vehicle

Greater Noida west: पंचशील ग्रीन्स-2 के पास कार सवार महिला ने 3 बच्चों को मारी टक्कर, फिर गाड़ी लेकर फरार

ग्रेटर नोएडा- वेस्ट दिल्ली NCR
Spread the love

Greater Noida west: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन्स-2(Panchsheel Greens 2) सोसायटी के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल बस का इंतजार कर रहे बच्चों के बीच एक बेकाबू कार घुस गई। हादसे में तीन स्कूली बच्चे और एक महिला घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें: Microsoft: माइक्रोसॉफ्ट ने 4800 इंजीनियर्स को किया बाहर, वजह जान हैरान रह जाएँगे!

pic-social media

जानकारी के मुताबिक, कार चला रही महिला सोसायटी से बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए निकल रही थी। जैसे ही वह मुख्य गेट से बाहर आई, कार अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि ब्रेक लगाने की बजाय एक्सीलरेटर दब जाने से कार सीधे सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी उछलकर पास में खड़े बच्चों पर जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद कार चला रही महिला वहां से चली गई।

घटना के बाद सोसायटी के निवासियों और बच्चों के अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि हर रोज़ बड़ी संख्या में बच्चे इसी स्थान पर स्कूल बस का इंतजार करते हैं, लेकिन यहां न तो ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम।

कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के समय महिला कार चलाते हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस दावे की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के समय सोसायटी के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत की जाए, स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।