Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रख्यात शिक्षाविद्, राष्ट्रवादी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
‘राष्ट्र की अखंडता के लिए किया सर्वोच्च बलिदान’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मां भारती के सच्चे सपूत थे, जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा को समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत है तथा उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
‘उनके आदर्शों पर चलकर बनेगा विकसित भारत’
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और देश उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विकसित और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की डॉ. मुखर्जी की विचारधारा आज भी समाज और युवा पीढ़ी को प्रेरित करती है।
विधायक पुरंदर मिश्रा सहित गणमान्यजन रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
