Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) तक यात्रियों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने नियमित बस सेवाएं शुरू कर दी हैं। नई व्यवस्था के तहत बसें सुबह 6:00 बजे से रात 11:30 बजे तक संचालित होंगी और अलग-अलग रूटों पर हर 15 से 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
नई बस सेवा के जरिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों को सीधे जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना और यात्रियों को किफायती एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
सुबह 6 बजे पहली बस, रात 11:30 बजे आखिरी सेवा
UPSRTC के अनुसार, एयरपोर्ट से पहली बस सुबह 6:00 बजे रवाना होगी, जबकि आखिरी बस रात 11:30 बजे चलेगी। वहीं नोएडा से एयरपोर्ट के लिए अंतिम बस रात 8:00 बजे निर्धारित की गई है। रूट के अनुसार बसों की आवृत्ति 15 से 30 मिनट के बीच रहेगी।
इन प्रमुख रूटों पर चलेगी बसें
नई परिवहन योजना के तहत कई प्रमुख मार्गों को जोड़ा गया है—
- बॉटनिकल गार्डन (सेक्टर-37) → परी चौक → यमुना एक्सप्रेसवे → जेवर एयरपोर्ट
- ग्रेटर नोएडा वेस्ट → इकोटेक-16 → चार मूर्ति → सूरजपुर → परी चौक → जेवर एयरपोर्ट
- मोहन नगर → लालकुआं → चार मूर्ति → सूरजपुर → परी चौक → दनकौर → रबूपुरा → जेवर एयरपोर्ट
- ग्रेटर नोएडा यूनिवर्सिटी, खैरपुर और YEIDA के प्रमुख सेक्टरों से भी सीधी बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
डबल डेकर बसों का भी विस्तार
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परी चौक से चलने वाली दो डबल डेकर बसों का रूट भी बढ़ाकर जेवर एयरपोर्ट तक कर दिया गया है। इससे ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा और आसान
अधिकारियों के अनुसार, यह बस नेटवर्क नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की बढ़ती यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में 100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें भी संचालित की जा रही हैं तथा एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए हर 15 मिनट पर शटल सेवा भी उपलब्ध है।
यात्रा से पहले समय और रूट जरूर जांचें
UPSRTC ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने रूट और बस के समय की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इससे एयरपोर्ट तक समय पर पहुंचने में आसानी होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
