Uttarakhand News: उत्तराखंड सरकार ने पर्यटन नगरी मसूरी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रस्तावित मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, जिला प्रशासन और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रोपवे स्टेशनों और संबंधित भूमि का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, पर्यावरणीय प्रभाव और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
लाइब्रेरी चौक से लाल टिब्बा तक प्रस्तावित मार्ग का लिया जायजा
निरीक्षण की शुरुआत मसूरी के लाइब्रेरी चौक से हुई, जहां अधिकारियों ने प्रस्तावित रोपवे मार्ग और आवश्यक भूमि की उपलब्धता पर चर्चा की। इसके बाद टीम ने पिक्चर पैलेस, चिक चॉकलेट क्षेत्र, गढ़वाल मंडल विकास निगम परिसर, भनौत एस्टेट, आईएनआई डिस्पेंसरी और लाल टिब्बा स्थित नहाटा एस्टेट के आसपास प्रस्तावित टर्मिनल स्टेशनों के संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा, पहुंच मार्ग और निर्माण संबंधी आवश्यकताओं का भी आकलन किया गया।
वैकल्पिक स्थल तलाशने और जियो-टेक्निकल अध्ययन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सचिव आवास ने पाया कि चिक चॉकलेट और चार दुकान क्षेत्र में उपलब्ध स्थान सीमित है तथा वहां की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टर्मिनल स्टेशन के लिए अधिक सुरक्षित और उपयुक्त वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया जाए तथा भू-तकनीकी (जियो-टेक्निकल) अध्ययन के आधार पर संशोधित प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी समस्या न आए।
पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास के बीच रहेगा संतुलन
सरकार ने स्पष्ट किया है कि रोपवे परियोजना के निर्माण के दौरान मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यावरणीय संतुलन और ऐतिहासिक पहचान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए परियोजना को पर्यटन हितैषी स्वरूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना पूरी होने के बाद पर्यटन सीजन में लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित, तेज और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मसूरी मेट्रो रोपवे परियोजना शहर की यातायात समस्या का दीर्घकालिक समाधान साबित होगी। इससे न केवल पर्यटकों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
