Bihar News: पटना, 1 जुलाई 2026: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने परिषद भवन में आयोजित समारोह में 10 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले सदस्यों में निशांत, ललन प्रसाद, अनिल ठाकुर, अशरफ अंसारी, पवन सिंह, डॉ. भारती मेहता, शिवरानी देवी, शीला पंडित, संजय प्रकाश और डॉ. सुनील कुमार सिंह शामिल रहे। शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।
समारोह में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद के उपसभापति डॉ. रामचंद्र राय सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ बिहार विधान परिषद को नए जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलेगा, जिससे सदन की कार्यवाही और विधायी प्रक्रिया को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
