Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा-बाबैन मार्ग पर सड़क दुर्घटना में घायल दो युवकों की मदद के लिए अपना काफिला तत्काल रुकवा दिया। उन्होंने अपने निजी चिकित्सक को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के निर्देश दिए और घायलों को काफिले के साथ चल रही एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
घायलों का हालचाल भी जाना
मुख्यमंत्री ने अस्पताल भेजने से पहले दोनों घायलों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान अमित (27), निवासी कलवा गांव, और रजत कुमार (30), निवासी सूरजगढ़ के रूप में हुई।
‘जरूरतमंद की मदद करना सबसे बड़ा दायित्व’
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते संकट में फंसे लोगों की सहायता करना सबसे पहला दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
