Bihar News: बिहार सरकार ने आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के लिए राज्य के सभी 534 प्रखंडों में “प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर” की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जिले के फुलवारीशरीफ प्रखंड के नदियांवां गांव से इस अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने रिमोट के माध्यम से 73 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
एक ही स्थान पर मिल रही कई सरकारी योजनाओं की जानकारी
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, परिवहन और राजस्व विभाग सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां आयुष्मान भारत कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और अन्य योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराए गए। मुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की।

पेंशन योजना से वंचित लोगों की पहचान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिन्हें अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों का केवाईसी या आधार लिंकिंग नहीं हुई है, उन्हें चिन्हित कर जल्द से जल्द पेंशन योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई है।
मॉडल स्कूल और शिक्षा सुधार पर बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिहार के सभी 534 प्रखंडों में सरस्वती विद्या निकेतन की तर्ज पर मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे। इन स्कूलों में समाज के सभी वर्गों के बच्चे एक साथ शिक्षा प्राप्त करेंगे। साथ ही फुलवारीशरीफ प्रखंड के मध्य विद्यालय नदियांवां को प्लस-टू विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।

महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए विशेष योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 48 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और अगले दो वर्षों में एक करोड़ जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत लंबित राशि भी जल्द लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। सरकार हर घर तक सोलर ऊर्जा पहुंचाने की दिशा में भी तेजी से काम कर रही है ताकि लोगों को लंबे समय तक मुफ्त बिजली मिल सके।
सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने नथूपुर सड़क को एम्स गोलंबर से जोड़ने की घोषणा की ताकि आवागमन आसान हो सके। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। राज्य में नई टाउनशिप विकसित की जा रही हैं, जिससे रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले वर्षों में कई महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने लोगों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार को विकास और समृद्धि के नए दौर में ले जाने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
