Noida

Noida: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जून से चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, रूट और किराया जान लीजिए

दिल्ली NCR नोएडा
Spread the love

Noida: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नोएडा प्राधिकरण जून 2026 से शहर में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अगले दो हफ्तों में कुछ रूटों पर ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा, जबकि 15 जून के बाद अधिकतर बसें नियमित रूप से चलने लगेंगी।

100 इलेक्ट्रिक बसें होंगी शामिल

पहले चरण में कुल 100 ई-बसें चलाई जाएंगी। इनमें:

  • 10 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें
  • 90 सामान्य ई-बसें (9 मीटर और 12 मीटर)

डबल डेकर बसें बॉटेनिकल गार्डन से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए परी चौक तक चलेंगी।

कितना होगा किराया?

ई-बसों का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये रखा गया है। हालांकि मासिक पास की कीमत को लेकर अभी अधिकारियों के बीच चर्चा चल रही है।

यात्रियों की सुविधा के लिए मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा, जिससे ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जा सकेगी। बस में कंडक्टर से टिकट लेने की सुविधा भी मिलेगी।

हर 15 मिनट में मिलेगी बस

अधिकारियों के अनुसार सभी रूटों पर हर 15 मिनट में बस उपलब्ध होगी। इसके अलावा 5 बसों को स्टैंडबाय में रखा जाएगा ताकि किसी तकनीकी समस्या की स्थिति में सेवा प्रभावित न हो।

यूपी रोडवेज के साथ होगा समझौता

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि यूपी रोडवेज निगम के साथ एमओयू की प्रक्रिया इसी सप्ताह पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद जून के पहले सप्ताह से ट्रायल रन शुरू किया जाएगा।

ई-रिक्शा हटाने की तैयारी

जिन रूटों पर ई-बसें चलेंगी, वहां से ई-रिक्शा हटाने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य लोगों को ज्यादा से ज्यादा बस सेवा का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है।

बनाए जाएंगे चार्जिंग स्टेशन

ई-बसों के संचालन के लिए सेक्टर-90 बस डिपो में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जहां 50 बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन बस स्टैंड पर 4 वैकल्पिक चार्जिंग स्टेशन भी तैयार किए जाएंगे।

इन 5 रूटों पर चलेंगी ई-बसें

1. बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट

सेक्टर-90 डिपो और बॉटेनिकल गार्डन से बसें किसान चौक और एक मूर्ति तक जाएंगी।

2. बॉटेनिकल गार्डन से जेवर एयरपोर्ट

यह बसें सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर तक जाएंगी।

3. बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-62

आईटी और ऑफिस हब सेक्टर-62 तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

4. बॉटेनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट

बसें फेज-2 नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक जाएंगी।

5. दिल्ली और गाजियाबाद तक सेवा

कुछ बसें दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, आईएसबीटी और गाजियाबाद तक भी चलेंगी।