Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में माओवादी आतंक पर जीत: अब रेड कॉरिडोर नहीं, हर तरफ ग्रीन कॉरिडोर

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ऐतिहासिक घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ अब माओवादी आतंक से पूरी तरह मुक्त हो गया है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, शहीद जवानों और बस्तर की जनता का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र, सुरक्षा बलों और बस्तर की जनता के सामूहिक संकल्प का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहसपूर्ण और दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा ने माओवादी हिंसा के खिलाफ इस निर्णायक अभियान को दिशा दी। उन्होंने वर्ष 2015 में दंतेवाड़ा में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश को याद किया, जिसमें युवाओं से हिंसा छोड़ने और मानवता के दृष्टिकोण से सोचने का आह्वान किया गया था।

साथ ही, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह का आभार जताया और उन्हें माओवादी उन्मूलन की रणनीति का प्रमुख शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि श्री शाह ने सुरक्षा बलों को स्पष्ट दिशा, आवश्यक संसाधन और निरंतर प्रोत्साहन दिया। उनका संदेश स्पष्ट था – हिंसा का उत्तर दृढ़ता से दिया जाएगा, जबकि शांति का मार्ग अपनाने वालों का स्वागत किया जाएगा।

शहीदों के बलिदान से लिखी बस्तर की नई कहानी

मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके साहस और समर्पण ने इस ऐतिहासिक सफलता की नींव रखी। उन्होंने उन बहादुर जवानों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने बिना किसी भय के माओवादी हिंसा की जड़ों पर प्रहार किया।

बस्तर की जनता ने भी साहस और दृढ़ता का परिचय दिया। मतदान करने पर धमकियाँ मिलने के बावजूद लोगों ने निर्भय होकर लोकतंत्र को मजबूत किया। यही विश्वास और जनसमर्थन इस परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत बना।

मुख्यमंत्री ने बताया कि माओवादी हिंसा ने वर्षों तक अनेक परिवारों को पीड़ा दी। माताओं की कोख उजड़ी, बहनों का सुहाग छीना और बच्चों से पिता का साया छिन गया। इसके बावजूद देश के हजारों जवानों ने अपनी जान की आहुति दी और यह संघर्ष राष्ट्र के आत्मबल और संकल्प का प्रतीक बना।

विकास और पुनर्वास के साथ नया अध्याय

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बनने के बाद माओवादी हिंसा के खिलाफ एक सुनियोजित रणनीति शुरू की गई। इसके परिणामस्वरूप कई राज्य इस चुनौती से मुक्त हुए। छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार के गठन और पिछले ढाई वर्षों में सामूहिक संकल्प के बल पर यह समस्या पूरी तरह समाप्त हुई।

प्रदेश सरकार ने उन लोगों का स्वागत किया, जिन्होंने माओवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास जताया। यह परिवर्तन केवल सुरक्षा अभियान का परिणाम नहीं, बल्कि विश्वास, पुनर्वास और विकास के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

बस्तर में उज्ज्वल भविष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर में नया अध्याय शुरू हो चुका है। बच्चे निर्भय होकर विद्यालय जाएंगे, माताएँ और बहनें स्वतंत्र जीवन जी सकेंगी और विकास की किरण हर गांव तक पहुंचेगी।

उन्होंने भावुक होकर कहा, “अब कहीं रेड कॉरिडोर नहीं, हर तरफ ग्रीन कॉरिडोर है। इसी विश्वास और संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ एक उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर है।”

छत्तीसगढ़ का यह ऐतिहासिक क्षण न केवल राज्य बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। अब बस्तर का हर गांव, हर सड़कों और हर घर में विकास, शांति और समृद्धि की नई कहानी लिखी जाएगी।