Metro: ग्रेटर नोएडा से पहले इस शहर तक चलेगी मेट्रो, पढ़िए पूरी डिटेल
Metro News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोग काफी समय से मेट्रो का इंतजार कर रहे हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी मेट्रो चलाने की लंबे समय से कर रहे हैं। लेकिन इसी बीच खबर सामने आ रही है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) तक मेट्रो चलने से पहले ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन (Greater Noida Depot Station) से बोड़ाकी तक मेट्रो चलने की उम्मीद है। अगले सप्ताह केंद्रीय शहरी आवास और ऊर्जा मंत्रालय की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल सकती है।

ये भी पढे़ंः Electric Car: इलेक्ट्रिक कार-बाइक खरीदने वालों के लिए अच्छी ख़बर आ गई
आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में ग्रेटर नोएडा वेस्ट, बॉटेनिकल गार्डन (Botanical Garden) से सेक्टर-142 और ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक मेट्रो (Bodaki Metro) के तीन नए रूट पर काम हो रहा है। इनकी डीपीआर सरकार के पास भेजी गई है। केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय की अगले सप्ताह होने वाली बैठक में बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो के 2 प्रोजेक्ट की प्रेजेंटेशन के लिए नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को बुलाया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो चलाने के बारे में अभी कोई चर्चा नहीं हो रही है।
ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक होगा। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) इस रूट के लिए डिजाइन कंसल्टेंट की नियुक्ति करेगा। इसके बाद निर्माण शुरू करने के लिए टेंडर निकाला जाएगा। एनएमआरसी के अधिकारियों ने कहा कि यह एक्वा लाइन का एक्सटेंशन रूट होगा। अभी एक्वा लाइन पर नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेनो के डिपो मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो चल रही है।
अब ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो चक्कर लगाएगी। इस रूट पर जुनपत और बोड़ाकी सिर्फ 2 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। बोड़ाकी में बड़ा स्टेशन बनाया जाएगा। जिले में मेट्रो का यह सबसे छोटा रूट होगा। इस पर लगभग 416 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका बजट पांच सौ करोड़ से कम होने के कारण इसके लिए कैबिनेट से मंजूरी मिलने की भी जरूरत नहीं है और इस परियोजना पर काम जल्द शुरू हो सकेगा।
बोड़ाकी रूट को मंजूरी मिलने के बाद अगले एक-दो महीने में कैबिनेट से सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन रूट को भी मंजूरी मिल सकती है। अगले चरण में नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट को मंजूरी मिलेगी।
यहां बहुउद्देशीय ट्रांसपोर्ट हब बनेगा
बोड़ाकी में बनने वाला स्टेशन बड़ा मेट्रो स्टेशन होगा। यहां पर बहुउद्देशीय ट्रांसपोर्ट हब भी बनाया जाएगा। लोगों के रुकने के लिए होटल भी बनेंगे। यहां ट्रेन, मेट्रो, अंतरराज्यीय बस अड्डा और स्थानीय ट्रांसपोर्ट की सुविधाएं भी मिलेगी। रेलवे और बस टर्मिनल बनाया जाएगा। ऐसे में ज्यादा संख्या में लोगों की आवाजाही रहेगी। इसको देखते हुए ही इस रूट पर मेट्रो चलाने का निर्णय लिया गया है।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: डेटिंग ऐप के ज़रिये ग्रेटर नोएडा में फ्रॉड का खतरनाक खेल
काम पूरा होने में लगेगा 3 साल का समय
अधिकारियों के मुताबिक काम शुरू होने के बाद इसे पूरा होने में लगभग 3 साल का समय लग जाएगा। केंद्र से इस महीने बोड़ाकी रूट को मंजूरी मिलती है तो अगले महीने डिजाइन कंसल्टेंट के चयन के लिए आरएफपी जारी कर दी जाएगी। डेढ़-दो महीने में एजेंसी का चयन हो जाएगा। इसके बाद अगले चार महीने में एजेंसी प्राथमिक रिपोर्ट दे देगी। इसके आधार पर रूट का निर्माण करने के लिए टेंडर निकाला जाएगा। टेंडर के लिए एजेंसियों को आवेदन करने के लिए लगभग तीन माह का समय दिया जाएगा। एजेंसी का चयन होने पर अगले दो से तीन महीने में काम शुरू हो जाएगा। इस हिसाब से काम शुरू होने में एक साल का समय लग जाएगा।
दो बार मिल चुकी है मंजूरी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट की डीपीआर को प्रदेश सरकार दो बार मंजूरी दे चुकी है। दूसरी बार मंजूरी इसी साल 5 फरवरी को मिली है। इस रूट पर मेट्रो का काम जल्द शुरू होने का आश्वासन भी बहुत बार मिल गया है, लेकिन अब तक इसका काम शुरू नहीं हो सका।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए लगातार हो रहा है प्रयास
जिले के जनप्रतिनिधि ग्रेटर नोएडा वेस्ट रूट पर मेट्रो का संचालन पहले शुरू कराने के प्रयास में लगे हैं। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा इस मामले को संसद में भी उठा चुके हैं। साथ ही दो बार केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से भी मुलाकात भी कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने भी उन्हें आश्वस्त किया है कि इस रूट पर शीघ्र काम शुरू कराया जाएगा। इसके बावजूद इसमें वक्त लग रहा है।
