BTECH : अब 10वीं पास करने के बाद भी छात्र इंजीनियर बनने का सपना पूरा कर सकेंगे। Delhi Skill and Entrepreneurship University (DSEU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 6 वर्षीय B.Tech प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी की है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार नगावत ने बताया कि अभी DSEU में 12वीं के बाद 4 वर्षीय B.Tech कोर्स चल रहा है, लेकिन तकनीकी शिक्षा की बढ़ती मांग को देखते हुए अब 10वीं के बाद भी इंजीनियरिंग पढ़ने का मौका दिया जाएगा।
केवल डिप्लोमा छात्रों को मिलेगा मौका
इस नई व्यवस्था के तहत वही छात्र B.Tech में दाखिला ले सकेंगे, जिन्होंने 10वीं के बाद DSEU से 3 साल का डिप्लोमा किया होगा। डिप्लोमा के रिजल्ट के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, जुलाई 2026 से दाखिला प्रक्रिया शुरू हो सकती है। फिलहाल यह सुविधा केवल DSEU से डिप्लोमा करने वाले छात्रों के लिए ही लागू होगी।
6 साल में पूरी होगी B.Tech
छात्र पहले 3 साल का डिप्लोमा करेंगे और उसके बाद लेटरल एंट्री के जरिए B.Tech में प्रवेश मिलेगा। इस तरह पूरा कोर्स करीब 6 साल में पूरा होगा।
नौकरी के बाद भी जारी रख सकेंगे पढ़ाई
इस प्रोग्राम की सबसे खास बात यह है कि अगर कोई छात्र डिप्लोमा पूरा करने के बाद नौकरी करने लगता है, तो वह बाद में वापस आकर अपनी B.Tech की पढ़ाई पूरी कर सकेगा। छात्रों को लेटरल एंट्री के माध्यम से दोबारा विश्वविद्यालय में पढ़ाई का मौका मिलेगा।
नई शिक्षा नीति के तहत पहल
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के मल्टीपल एंट्री और एग्जिट सिस्टम को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही है।
प्रो. अशोक कुमार नगावत के अनुसार, शुरुआत में यह प्रोग्राम छात्रों के बीच ज्यादा लोकप्रिय न हो, लेकिन आने वाले वर्षों में इसकी मांग बढ़ने की उम्मीद है। यह कोर्स उन छात्रों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है, जो कम उम्र में इंजीनियरिंग और तकनीकी कौशल हासिल करना चाहते हैं।
