Uttarkashi Disaster

Uttarkashi Disaster: CM धामी के नेतृत्व में 1200 से अधिक लोगों का हुआ हेली रेस्क्यू

उत्तराखंड राजनीति
Spread the love

बिजली बहाली और सड़कें फिर से चालू करने की कोशिश

Uttarkashi Disaster: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में 5 अगस्त 2025 को बादल फटने और भारी बारिश से आई आपदा ने धराली और हर्षिल क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अब तक 1200 से अधिक लोगों को हेली सर्विस के जरिए सुरक्षित निकाला गया है। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

बिजली और सड़क बहाली में तेजी

सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने जानकारी दी कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। गंगनानी के पास का पुल आज से वाहनों के लिए चालू हो गया है, जबकि सड़क मार्ग को 12 या 13 अगस्त तक पूरी तरह से बहाल करने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ेंः Uttarakhand सरकार का बड़ा फैसला, प्रभावित परिवारों को मिलेगा 6 महीने का फ्री राशन

हर्षिल में झील बनी बड़ी चुनौती

हर्षिल के पास झील बनने से हालात और गंभीर हो गए हैं। झील का पानी हेलिपैड और 250 मीटर सड़क को जलमग्न कर चुका है। पानी निकालने के लिए भारी मशीनों की जरूरत है, लेकिन चिनूक हेलीकॉप्टर से इन्हें पहुंचाना मुश्किल है। मशीनों को अलग-अलग हिस्सों में ले जाकर जोड़ा जाएगा, जिसमें 10 दिन से अधिक समय लग सकता है। सीएम धामी ने कहा कि 11 अगस्त को 25-30 लोगों की एक टीम मैनुअल काम शुरू करने के लिए भेजी जाएगी।

केंद्र सरकार और एजेंसियों का सहयोग

सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने जोशीमठ आपदा का उदाहरण देते हुए कहा कि पुनर्वास और नुकसान के आकलन का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री का आभार जताया। धामी ने कहा कि सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के सहयोग से राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः Uttarakhand में आपदा राहत तेज़, धराली में CM धामी की दो बड़ी घोषणाएं

राजनीतिक आलोचनाओं पर सीएम का जवाब

राजनीतिक आलोचनाओं को खारिज करते हुए सीएम धामी ने कहा कि आलोचना के लिए बहुत समय मिलेगा, लेकिन अभी प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार केंद्र और सभी एजेंसियों के साथ मिलकर इस आपदा से निपटने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।