Uttarakhand: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
Uttarakhand News: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने रविवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) से मुलाकात की। इस दौरान राज्य के सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और बुनियादी ढांचे से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ के विजन में उत्तराखंड की सक्रिय भूमिका और योगदान की प्रतिबद्धता जताई तथा केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

उत्तराखंड की सांस्कृतिक सौगात
सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने प्रधानमंत्री को कार्तिक स्वामी मंदिर का प्रतिरूप और आदि कैलाश यात्रा पर आधारित कॉफीटेबल बुक भेंट की। साथ ही, उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद जैसे कनार (धारचूला) का घी, लाल (पुरोला) चावल, बासमती चावल, काला जीरा, गंधरैण, जम्बू और स्थानीय शहद भी भेंट किए। धामी ने 27 देशों द्वारा प्रधानमंत्री को सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने पर भारतवासियों की ओर से गर्व व्यक्त किया।
गंगा और शारदा कॉरिडोर के लिए अनुरोध
सीएम धामी ने हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर तथा चम्पावत में शारदा कॉरिडोर के मास्टर प्लान के तहत अवसंरचना विकास के लिए सीएसआर फंडिंग की मांग की। इन क्षेत्रों को धार्मिक और पर्यटकीय दृष्टिकोण से और आकर्षक बनाने की योजना पर जोर दिया गया।
ये भी पढ़ेंः Uttarakhand: सीएससी दिवस-2025 कार्यक्रम में शामिल हुए CM पुष्कर सिंह धामी
सेमी कंडक्टर हब और रेल परियोजनाएं
सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने ऊधमसिंह नगर के नेपा फार्म को सेमी कंडक्टर हब के रूप में विकसित करने के लिए उद्योग स्थापना का प्रस्ताव रखा। साथ ही, दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम को हरिद्वार तक विस्तारित करने और टनकपुर-बागेश्वर व ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजनाओं के लिए मार्ग निर्माण हेतु संबंधित मंत्रालयों को निर्देश देने का अनुरोध किया।

नंदा राजजात और महाकुंभ की तैयारियां
मुख्यमंत्री ने अगस्त 2026 में होने वाली नंदा राजजात यात्रा, जिसे पर्वतीय महाकुंभ कहा जाता है, के लिए पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं के विकास हेतु 400 करोड़ रुपये की सहायता मांगी। साथ ही, 2027 में हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ के लिए पुलों की मरम्मत, पार्किंग, विद्युत, पेयजल, शौचालय, परिवहन और पैदल मार्ग जैसी सुविधाओं के लिए 3500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता का अनुरोध किया।
विद्युत और पर्यावरण प्रस्ताव
सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने ऋषिकेश और हरिद्वार में एचटी और एलटी विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और विद्युत प्रणाली को स्वचालित करने के लिए 1015 करोड़ रुपये की डीपीआर को आरडीएसएस योजना के तहत स्वीकृति की मांग की। साथ ही, चौरासी कुटिया को उसके मूल रूप में पुनर्स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से प्रस्ताव के अनुमोदन का अनुरोध किया।
पिंडर-कोसी लिंक परियोजना
पेयजल और सिंचाई के लिए पिंडर-कोसी लिंक परियोजना का प्रस्ताव रखा गया, जिससे बागेश्वर, अल्मोड़ा और नैनीताल के 625 गांवों की लगभग 2 लाख जनसंख्या और गरुड़, कौसानी, द्वाराहाट, रानीखेत व अल्मोड़ा नगरों की सवा लाख आबादी को लाभ होगा। इस परियोजना को भारत सरकार की विशेष योजना में शामिल करने की मांग की गई।
जल विद्युत परियोजनाएं
सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) ने 596 मेगावाट क्षमता की पांच जल विद्युत परियोजनाओं के विकास की अनुमति मांगी, जो राज्य के ऊर्जा उत्पादन और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देंगी।
ये भी पढ़ेंः Uttrakhand News: CM पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन विभाग की ‘गेम चेंजर योजनाओं’ की वर्चुअल समीक्षा की
प्रधानमंत्री ने राज्य को दिया पूर्ण समर्थन
प्रधानमंत्री मोदी ने चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, नंदा राजजात यात्रा और महाकुंभ की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड की संस्कृति, पर्यावरण और विकास कार्यों की सराहना करते हुए राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
