UP News: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया, 10 जुलाई तक करें आवेदन

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इसी दिशा में मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, परास्नातक और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह पहल उन युवाओं के लिए विशेष अवसर लेकर आई है जो खेल, फिटनेस, योग और खेल पत्रकारिता के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।

बीपीईएस, बीएससी योग और एमएससी योग में होंगे दाखिले

इस शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में तीन वर्षीय बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (बीपीईएस) और बीएससी योग पाठ्यक्रम में प्रवेश शुरू किया गया है। इसके साथ ही दो वर्षीय एमएससी योग कोर्स में भी दाखिले लिए जाएंगे। विश्वविद्यालय पहले से बीपीईएस पाठ्यक्रम का संचालन कर रहा है और अब नए पाठ्यक्रमों के जरिए छात्रों को अधिक विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

विश्वविद्यालय ने स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किया है। इसका उद्देश्य खेल पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं को तैयार करना है।

कई खेलों में शुरू होंगे पीजी डिप्लोमा कोर्स

खेल विश्वविद्यालय ने इस सत्र से स्कूल ऑफ कोचिंग के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग जैसे खेलों में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी शुरू किए हैं। प्रत्येक कोर्स में 15 सीटें निर्धारित की गई हैं।

सीटों की बात करें तो बीपीईएस में 50, बीएससी योग में 40, एमएससी योग में 20 और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में 15 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों को रोजगारोन्मुख और व्यावहारिक बनाया गया है ताकि छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा सीधा प्रवेश

विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई चैंपियनशिप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा।

इसके अलावा खेलो इंडिया, एसजीएफआई राष्ट्रीय खेल, सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय ने सभी पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें आरक्षित की हैं, जो नियमित सीटों से अलग होंगी।

फिटनेस टेस्ट और मेरिट के आधार पर होगा चयन

विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत ने बताया कि सत्र 2026-27 से कुल 12 नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 9 डिप्लोमा, 2 स्नातक और 1 परास्नातक कोर्स शामिल हैं। प्रवेश प्रक्रिया फिटनेस टेस्ट के आधार पर होगी। कक्षा 12वीं के अंकों और फिटनेस टेस्ट में प्रदर्शन को मिलाकर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों का समग्र विकास करना है। साथ ही यह संस्थान उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी खेल केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खेल और शिक्षा के बेहतर समन्वय के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।