UP News: लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम को अनिवार्य किया जाए। उन्होंने ‘मिशन कर्मयोगी’ के तहत राज्य में अब तक हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना की समीक्षा की।
मिशन कर्मयोगी प्रधानमंत्री की परिवर्तनकारी पहल
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘मिशन कर्मयोगी’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक परिवर्तनकारी पहल है। इसका उद्देश्य ऐसे सक्षम और कुशल सरकारी कर्मचारी तैयार करना है, जो भारतीय संस्कृति के मूल्यों के साथ आधुनिक सोच को अपनाते हुए बेहतर शासन दे सकें। यह मिशन प्रशासन को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और परिणाम आधारित बना रहा है।
यह भी पढ़े : UP News: अंतरराष्ट्रीय अनुदानित धर्मांतरण रैकेट पर कड़ा प्रहार, एआई के इस्तेमाल के दिए निर्देश: CM Yogi
आईगॉट प्लेटफॉर्म बना प्रशिक्षण का बड़ा माध्यम
बैठक में बताया गया कि सभी सरकारी कर्मचारियों के ऑनलाइन प्रशिक्षण के लिए आईगॉट (Integrated Government Online Training) डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाया गया है। यह आज दुनिया का सबसे बड़ा सरकारी क्षमता निर्माण मंच बन चुका है। इस प्लेटफॉर्म पर लाखों कर्मचारी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उत्तर प्रदेश बना देश का अग्रणी राज्य
आईगॉट कर्मयोगी के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है। प्रदेश से 18.8 लाख से अधिक कार्मिक प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। वर्ष 2025 में देश भर में हुई कुल ऑनबोर्डिंग का 93 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश का है।
सात दिन का प्रशिक्षण अनिवार्य होगा
मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सात दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम अनिवार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि इसे प्रमोशन और एसीआर से भी जोड़ा जाए, ताकि कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें।
एआई और साइबर सिक्योरिटी कोर्स में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग अपनी जरूरत के अनुसार पाठ्यक्रम तैयार कर आईगॉट पोर्टल पर अपलोड करें। साथ ही सभी पाठ्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सिक्योरिटी को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
सभी ट्रेनिंग सेंटर्स में बनेंगे नए पाठ्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी ट्रेनिंग सेंटर्स के लिए कैपेसिटी बिल्डिंग से जुड़े पाठ्यक्रम बनाए जाएं। इससे नए प्रशिक्षणार्थियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रशासन और अधिक मजबूत होगा।
यह भी पढ़े : UP News : काशी में गरीबों और श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतज़ाम, बोले CM Yogi
फील्ड कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम, पुलिस कांस्टेबल, पंचायती राज और नगरीय निकायों से जुड़े फील्ड कर्मचारियों के लिए व्यवहारिक और जरूरत आधारित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि जमीनी स्तर पर सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर हो।
बेहतर जनसेवा की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान, कौशल और सकारात्मक सोच के मेल से ही जनसेवा में सुधार संभव है। मिशन कर्मयोगी इसी सोच के साथ कार्य संस्कृति को मजबूत कर रहा है और प्रदेश में सुशासन को नई दिशा दे रहा है।
