शिल्प मेले में युवा मूर्तिकारों को 25 मूर्तिकला विशेषज्ञ दे रहे हैं प्रशिक्षण
हरियाणा का कला एवं संस्कृति विभाग कर रहा है अनूठी पहल
Surajkund Mela: कहते हैं जिस पत्थर को छेनी और हथौड़े की मार से दर्द हो वह कभी मूर्ति नहीं बन सकती। मूर्ति बनने के लिए चाहिए सहनशक्ति, एकाग्रता, विश्वास और इन्हीं तत्व से मिलकर मूर्ति को उसका रूप दिया जाता है। यही कहानी कुछ इस तरह की फरीदाबाद के सूरजकुंड के अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में बयां हो रही है, जहां पर विभिन्न मूर्तिकार तांबे की धातुओं पर विभिन्न संस्कृति से रूबरू कराती हुई मूर्तियां बना रहे हैं। उनकी ठक-ठक की आवाज से हर एक उनकी ओर खिंचा आता है। मूर्ति बनाने को लेकर बनाए गए इस पंडाल में करीब 25 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मूर्ति कलाकार अपनी छैनी और हथौड़े के बल पर विभिन्न संस्कृतियों को अपनी मूर्तियों में उकेर रहे हैं।
ये भी पढ़ेः Surajkund Mela: रिकार्डतोड़ दर्शकों से गुलजार हुआ सूरजकुंड का अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
इस कला को मूर्त रूप देने का काम कला हरियाणा एवं संस्कृति कार्य विभाग बखूबी रूप से कर रहा है, जिसका श्रेय विभाग के आयुक्त डॉ. अमित कुमार अग्रवाल तथा महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के साथ-साथ विभिन्न अधिकारियों को जाता है, जिन्होंने इस कला को आगे बढ़ाने का काम किया। कला एवं संस्कृति कार्य विभाग के कला एवं संस्कृति अधिकारी (मूर्तिकला) हृदय कौशल भी अपनी छैनी और हथौड़े से तांबे की प्लेट पर वार कर अपने मनोभावों को दर्शा रहे हैं। हृदय कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि विलुप्त होती कला को बचाने का यह एक पड़ाव है, जो निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग के निर्देश पर मूर्तिकला को बचाने की यह अहम भूमिका अदा की गई है। इसके लिए करीब 25 मूर्ति कला विशेषज्ञ इसमें अपने भावों को उकेर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसी कला है जो रेवाड़ी के ठठेरा गली से पनपी थी और वहीं पर समाप्त हो गई, लेकिन इसे आगे बढ़ाने का काम विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस पंडाल में युवाओं को इससे जोडऩे की मुहिम पर जोर दिया जा रहा है, जिसमें हैदराबाद से डा. ललिता प्रसाद, गुरुग्राम से ललित, कला अकादमी से जुड़ी गायत्री देवी, जोधपुर से डा. लीला दीवान जो स्वयं मूर्ति कला आर्ट को बनाने के काम के साथ-साथ एक लेखक भी हैं, मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद याकूब और फारूक खान जोकि अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र के कलाकार हैं उनकी पांचवीं पीढ़ी इस कार्य में लगी जैसे महान कलाकार इस कला को आगे बढ़ा रहे हैं।

हृदय कौशल ने बताया कि उड़ीसा से राकेश पटनायक, उत्तर प्रदेश से डा. रश्मि, हिसार के 20 वर्षीय रोहतास, रोहतक से दिनेश, कैथल से नरेंद्र, सिरसा से विशाल व राखी, सोनीपत से स्विपराज के साथ-साथ डा. कमलजीत, करनाल से नंदकिशोर, बस्ती यूपी से शालिनी, गिरीश, यमुनानगर से साहिल व अन्य मूर्तिकार कला को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
हृदय कौशल ने बताया कि इस शिल्प मेले में असली शिल्प का काम मूर्तिकला के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह मूर्तियां 24 कैरेट के शुद्ध प्लेट पर तैयार की जा रही है। गेरू और लार जो कि एक तरह का पेड़ से निकलने वाला बेराज (गोंद) कहा जाता है, उसे उबालकर सरसों का तेल मिलाकर पेस्ट बनाकर तैयार किया जाता है। सूखने के बाद इस पर 24 कैरेट शुद्ध तांबे की प्लेट को चिपका कर उस पर कलाकार अपने मनोभावों को दर्शाता है।
इस कार्य में मूर्तिकार के रूप में रिटायर्ड आईएएस वीएस कुंडू भी अपनी बचपन की यादें, गांव की परंपराओं को चित्रकारी के रूप में उकेर रहे हैं।हृदय कौशल ने बताया कि यह लुप्त होती कला है। खासकर राखीगढ़ी में जो विलुप्त होती परंपराएं मिली हैं, उन्हें उकेर कर चिरकाल तक जीवित रखने का प्रयास किया जा रहा है। यही नहीं रोहतक के दिनेश तांबे की 24 कैरेट के शुद्ध प्लेट पर दादा लख्मीचंद की मूर्ति को उकेर रहे हैं और रोहतक के अजायब गांव के नरेंद्र पानी लाने वाली पनिहारी जिसका शीर्षक पानी आली पानी प्यादे दिया गया है, मूर्ति को बना रहे हैं। कैथल के विशाल राखीगढ़ी में मिली शिल्पकला को अपनी मूर्तियों पर उतारने का काम कर रहे हैं। वहीं सोनीपत के स्वीप राज दादा खेड़ा और सिरसा की राखी, राखीगढ़ी में मिले खिलौने को तांबे पर उकेर रहे हैं। हृदय कौशल ने बताया कि यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन के संयुक्त सचिव संतोष अजमेरा ने भी मूर्ति कला के इस परिसर का दौरा कर खुले मन से इसकी प्रशंसा भी की है।

आत्मनिर्भर भारत के साथ स्वदेशी उत्पादों की उपयोगिता का भी संदेश दे रही ओडिशा की विजय लक्ष्मी महापात्रा
धूप-अगरबत्तियों से आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों को मिल रहा बढ़ावा
फरीदाबाद में अरावली की वादियों में चल रहे 38 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन आत्मनिर्भर भारत की झलक साफ तौर पर देखने को मिल रही है। देश भर में जहां शिल्पकार, बुनकर और कलाकार अपनी कला के जरिये प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, वहीं सरकार द्वारा कला और संस्कृति के प्रोत्साहन में हर व्यक्ति को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करते हुए उन्हे स्किल्ड बनाया जा रहा है, ताकि 2047 तक आत्मनिर्भर भारत में शिल्पकारों का भी पूरा योगदान हो। मेले में आए देश विदेश के कलाकार, शिल्पकार व स्वयं सहायता समूह बेहतरीन प्लेटफार्म मिलने से खुश हैं। वे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा का आभार जता रहे हैं।
कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को स्वयं सहायता समूह द्वारा मूर्त रूप दिया जा रहा है। सूरजकुंड मेले में अबकी बार थीम स्टेट उड़ीसा की विजयलक्ष्मी महापात्रा स्टाल नंबर-114 पर अपनी अनूठी धूपबत्तियों के साथ विशेष पहचान बना रही हैं। खुद के साथ ही स्वयं सहायता समूह बनाकर विजय लक्ष्मी दूसरों को स्वरोजगार की धारा से जोड़ रही हैं। विजय लक्ष्मी व उनके समूह द्वारा निर्मित 22 प्रकार की प्राकृतिक और सुगंधित धूपबत्तियां मेले में आने वाले पर्यटकों को न केवल आकर्षित कर रही हैं बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों की उपयोगिता का भी संदेश दे रही हैं।
इस समूह ने पूरी तरह से प्राकृतिक सामग्री से बनी धूपबत्तियाँ तैयार की हैं। इनमें चंदन, केवड़ा, गुलाब, नागचंपा, रजनीगंधा, लौंग, इलायची और हवन विशेष जैसी 22 सुगंधें शामिल हैं। इनकी खासियत यह है कि इनमें कोई रासायनिक मिश्रण नहीं होता, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचता और शुद्धता बनी रहती है।
सूरजकुंड मेले में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को इस स्वयं सहायता समूह की धूपबत्तियाँ खूब पसंद आ रही हैं। न केवल इनकी सुगंध बल्कि उनकी गुणवत्ता और प्राकृतिकता भी ग्राहकों को लुभा रही है।
ओडिशा की विजयलक्ष्मी महापात्रा का कहना है, हमारे समूह का उद्देश्य सिर्फ उत्पाद बेचना नहीं है, बल्कि लोगों को शुद्ध और प्राकृतिक धूपबत्तियों से परिचित कराना है। हम चाहते हैं कि लोग स्वदेशी उत्पादों को अपनाएँ और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में योगदान दें। इस समूह से जुड़ी महिलाएं न केवल धूपबत्तियाँ बनाती हैं, बल्कि उनके निर्माण, पैकेजिंग और मार्केटिंग में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं। यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सूरजकुंड मेला में उड़ीसा के इस स्वयं सहायता समूह की भागीदारी यह दर्शाती है कि यदि स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों को सही मंच मिले, तो वे अपनी कला और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिला सकते हैं। विजयलक्ष्मी महापात्रा और उनके समूह की यह पहल महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। दिनभर विजय लक्ष्मी के स्टाल पर आगन्तुकों की भीड़ लगी रहती है।
