Rajasthan News

Rajasthan News: पहली बार मंच पर साथ दिखेंगे नितिन नवीन और भजनलाल शर्मा, टोंक में बीजेपी का मेगा शक्ति प्रदर्शन

राजस्थान
Spread the love

Rajasthan News: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की मेगा सभा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 27 अप्रैल को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा टोंक पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह राजस्थान का पहला दौरा होगा, जिसे राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टोंक विधानसभा क्षेत्र को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट का मजबूत गढ़ माना जाता है। ऐसे में बीजेपी की यह मेगा सभा शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।

सात नए पार्टी कार्यालयों का होगा उद्घाटन

इस कार्यक्रम के दौरान टोंक में बीजेपी के नए पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही राजस्थान के छह अन्य जिलों में बने पार्टी कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके बाद बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

हेलीपैड से सभा स्थल तक भव्य स्वागत की तैयारी

सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए राजस्थानी परंपरा के अनुसार विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। हेलीपैड से सभा स्थल तक करीब 11 स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य स्वागत की योजना बनाई गई है।

राजस्थान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पहले ही सभा स्थल का पूजन कर तैयारियों का जायजा लिया है। वहीं, राज्य सरकार के मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और हीरालाल नागर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।