Punjab News: भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) की स्टेट स्टार्टअप रैंकिंग में पंजाब को एक बार फिर ‘टॉप परफॉर्मर स्टेट’ का दर्जा मिला है। यह लगातार दूसरी बार है जब पंजाब ने यह उपलब्धि हासिल की है। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने इसे राज्य के मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम का परिणाम बताया।
स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की पहल
संजीव अरोड़ा ने बताया कि डीपीआईआईटी की यह रैंकिंग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित करती है। इस बार देश के 36 में से 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने इसमें भाग लिया, जो यह दिखाता है कि भारत में स्टार्टअप को राष्ट्रीय प्राथमिकता दी जा रही है।
पांच श्रेणियों में होता है राज्यों का मूल्यांकन
इस रैंकिंग में राज्यों को पांच श्रेणियों में बांटा जाता है—
बेस्ट परफॉर्मर, टॉप परफॉर्मर, लीडर, एस्पायरिंग लीडर और इमर्जिंग स्टेट।
1 जनवरी 2023 से 31 अक्टूबर 2024 के बीच, स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास का मूल्यांकन 6 प्रमुख सुधार क्षेत्रों के आधार पर किया गया।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नीतिगत मजबूती
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा की निगरानी में पंजाब सरकार ने स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियां लागू की हैं। इसका सीधा असर राज्य की रैंकिंग में साफ दिखाई देता है।
स्टार्टअप पंजाब की अहम भूमिका
स्टार्टअप पंजाब के माध्यम से राज्य ने लगातार डीपीआईआईटी रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन किया है। निदेशक उद्योग एवं वाणिज्य एवं स्टेट स्टार्टअप नोडल अधिकारी सुरभि मलिक के नेतृत्व में टीम ने इस दिशा में अहम योगदान दिया है। प्रशासनिक सचिव के.के. यादव ने टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
रैंकिंग में पंजाब का सफर
- 2018: इमर्जिंग स्टार्टअप इकोसिस्टम
- 2019: एस्पायरिंग लीडर स्टेट
- 2020: लीडर स्टेट
- 2022: टॉप परफॉर्मर स्टेट
- 2024: टॉप परफॉर्मर स्टेट
यह क्रमिक प्रगति पंजाब की मजबूत नीति और निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
स्टार्टअप्स को मिल रहा वित्तीय सहयोग
संजीव अरोड़ा ने बताया कि स्टार्टअप पंजाब के जरिए स्टार्टअप्स को 3 लाख रुपये की सीड ग्रांट, ऋण पर ब्याज सब्सिडी और किराया प्रतिपूर्ति जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। रैंकिंग अवधि में 200 से अधिक स्टार्टअप्स को फंडिंग दी गई है।
2,000 से ज्यादा स्टार्टअप पंजीकृत
वर्तमान में पंजाब के 2,000 से अधिक स्टार्टअप्स डीपीआईआईटी में पंजीकृत हैं। यह राज्य के स्टार्टअप-फ्रेंडली माहौल पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली सराहना
स्टार्टअप इंडिया के निदेशक ने स्टार्टअप पंजाब टीम को प्रशंसा प्रमाणपत्र दिया है। यह सम्मान पंजाब सरकार की सक्रिय नीतियों और बेहतर क्रियान्वयन की पुष्टि करता है।
स्टार्टअप हब बनने की दिशा में पंजाब
सरकार ने दोहराया कि वह पंजाब को भारत का प्रमुख स्टार्टअप और नवाचार केंद्र बनाने के लिए नीतिगत समर्थन, आधारभूत ढांचे और फंडिंग सुविधाओं को और मजबूत करती रहेगी।
