Punjab News: पंजाब में नगर निकाय चुनावों का बिगुल बज चुका है। राज्य चुनाव आयोग ने 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के सदस्यों के चुनाव के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। कुल 105 स्थानीय निकायों में चुनाव 26 मई 2026 को करवाए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
राज्य चुनाव आयुक्त Raj Kamal Chaudhary ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी और उम्मीदवार 16 मई तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी, जबकि उम्मीदवार 19 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
26 मई को मतदान, 29 मई को मतगणना
चुनाव आयोग के अनुसार मतदान 26 मई को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा। इसके बाद 29 मई को स्थापित मतगणना केंद्रों में वोटों की गिनती की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं।
36 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान
इन चुनावों में कुल 36,72,932 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18,98,990 पुरुष, 17,73,716 महिलाएं और 226 अन्य मतदाता शामिल हैं। चुनाव के लिए राज्यभर में 3977 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
उम्मीदवारों के लिए खर्च सीमा तय
राज्य चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों के चुनाव खर्च की सीमा भी निर्धारित कर दी है। नगर निगम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अधिकतम 4 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। वहीं नगर परिषद वर्ग-I के लिए 3.60 लाख रुपये, वर्ग-II के लिए 2.30 लाख रुपये, वर्ग-III के लिए 2 लाख रुपये और नगर पंचायत के लिए 1.40 लाख रुपये की सीमा तय की गई है।
36 हजार कर्मचारी और 35 हजार पुलिसकर्मी तैनात
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लगभग 36 हजार चुनाव कर्मचारियों और 35,500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक जिले में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को पर्यवेक्षक नियुक्त किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में सुरक्षा योजना भी तैयार कर ली गई है।
नामांकन के साथ शपथ पत्र जरूरी
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ शपथ पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। यदि कोई उम्मीदवार किसी राजनीतिक दल के समर्थन से चुनाव लड़ रहा है तो उसे पार्टी का प्राधिकरण पत्र भी जमा करना होगा। साथ ही उम्मीदवारों के केवाईसी विवरण संबंधित जिलों की वेबसाइटों पर अपलोड किए जाएंगे।
राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
