Punjab News: आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा है कि भगवंत मान सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना आम लोगों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। इस योजना के जरिए गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को बिना पैसे खर्च किए बेहतर इलाज मिल रहा है।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना पूरी तरह लागू
कुलदीप धालीवाल ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुसार यह योजना अब जमीन पर असर दिखा रही है। योजना के तहत पंजाब के करीब 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी गई है।
मजदूर सुलखन सिंह को मिला नया जीवन
धालीवाल ने योजना की सफलता का उदाहरण देते हुए गुरदासपुर जिले के गांव गुरदासनंगल के मजदूर सुलखन सिंह का मामला बताया। सुलखन सिंह को दिल की गंभीर बीमारी हो गई थी और इलाज का खर्च करीब 3 लाख रुपए बताया गया था। दिहाड़ी मजदूर होने के कारण परिवार के लिए यह खर्च उठाना संभव नहीं था।
बिना एक रुपया खर्च किए हुआ इलाज
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सुलखन सिंह का हेल्थ कार्ड एक दिन में बन गया। इसके बाद अमृतसर के एक निजी अस्पताल में बिना कोई पैसा दिए उनके दिल का ऑपरेशन हुआ और स्टेंट डाले गए। इलाज के बाद सुलखन सिंह पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौटे।
शिक्षा और स्वास्थ्य मान सरकार की प्राथमिकता
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य मान सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार इन दोनों क्षेत्रों में लगातार निवेश कर रही है ताकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। पहले गरीब परिवार इलाज के खर्च से कर्ज में डूब जाते थे, लेकिन अब स्वास्थ्य को हर नागरिक का अधिकार बनाया गया है।
अस्पतालों पर रखी जा रही है नजर
धालीवाल ने बताया कि सरकार अस्पतालों की नियमित निगरानी कर रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी मरीज से अतिरिक्त पैसे न लिए जाएं और हेल्थ कार्ड धारकों को पूरी सुविधा मिले।
विपक्ष पर हमला और जनता से अपील
आप नेता ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्होंने सालों तक सत्ता में रहकर शिक्षा और स्वास्थ्य की अनदेखी की, उन्हें आज सरकार का काम हजम नहीं हो रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अपना हेल्थ कार्ड बनवाएं और योजना का पूरा लाभ उठाएं।
