Punjab News: पंजाब सरकार ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर उनके जीवन, दर्शन और सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार मोबाइल LED वैन के माध्यम से प्रदेश के 13 हजार से अधिक गांवों में 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित कर रही है।
मोबाइल LED वैन से गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि बड़ी LED स्क्रीन से सुसज्जित मोबाइल वैनों के जरिए श्री गुरु रविदास जी के प्रेम, भक्ति, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य नई पीढ़ी को उनके विचारों और जीवन दर्शन से जोड़ना है।
चार राज्यों से निकलेगी शोभायात्राएं
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वाराणसी, फरीदकोट, जम्मू और बठिंडा से चार प्रमुख शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री खुरालगढ़ साहिब में एकत्र होंगी। इसके अलावा पंजाब के श्रद्धालुओं के लिए वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी के जन्मस्थान तक विशेष तीर्थ यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा।
स्कूलों और कॉलेजों में होंगे सेमिनार
सरकार ने राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में श्री गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और सामाजिक योगदान पर सेमिनार आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के मूल्यों से परिचित कराना है।
हर जिले में लगाए जाएंगे 6.5 लाख पौधे
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार प्रत्येक जिले में 6.5 लाख पौधे लगाने का अभियान भी चलाएगी। मंत्री ने बताया कि इस पहल को श्री गुरु रविदास जी की प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी शिक्षाओं से प्रेरित होकर शुरू किया जा रहा है।
पूरे वर्ष होंगे सामाजिक और धार्मिक आयोजन
650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पूरे वर्ष राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
- रक्तदान शिविर
- मैराथन
- साइकिल रैलियां
- कीर्तन समागम
- सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम
सरकार का कहना है कि इन आयोजनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास जी के समानता, सेवा और मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
